संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। 43वीं सीनियर नेशनल नेटबॉल चैंपियनशिप 11 से 14 जनवरी तक तेलंगाना के हैदराबाद में करवाई जा रही है। इसके लिए जिला व राज्यस्तर पर खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। पहले राज्यस्तरीय प्रतियोगिता करवाई जाएगी। इसके लिए तीन दिसंबर को (आज) ट्रॉयल लिए जाएंगे।
जिला नेटबॉल एसोसिएशन अध्यक्ष नरेंद्र वर्मा ने बताया कि 43वीं सीनियर राष्ट्रीय नेटबॉल चैंपियनशिप हैदराबाद के जीएमसी बालयोगी इनडोर स्टेडियम गाचीबोवली में होगी। यह प्रतियोगिता पुरुष व महिला दोनों वर्गों की होगी। नेशनल चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए राज्यस्तरीय प्रतियोगिता से खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। राज्यस्तरीय टीम के लिए महिला व पुरुष खिलाड़ियों का चयन ट्रायल से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि तीन दिसंबर को शाम चार बजे दड़वा के श्रीसत्य साईं जागृति मंदिर में लिए जाएंगे। यह ट्रायल पास करने वाले खिलाड़ी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। यह 19वीं हरियाणा सीनियर स्टेट नेटबॉल चैंपियनशिप सोनीपत के राई स्थित हरियाणा खेल विश्वविद्यालय में 26 से 28 दिसंबर तक करवाई जाएगी।
इस चैंपियनशिप में प्रदेश के सभी जिलों के पुरुष और महिला की दोनों टीमें भाग लेंगी। उन्होंने बताया कि ट्रायल के लिए खिलाड़ियों को नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया पर रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों को रजिस्ट्रेशन नंबर स्लिप, आधार कार्ड की मूल प्रति और फोटोकॉपी साथ लेकर आनी होगी।