साहेब कहीं नाराज न हो जाएं, इसके लिए रेलवे अधिकारी व कर्मचारी जी जान से जुटे हैं। अपनी खामियों व लापरवाहियों पर अधिकारियों ने लीपापोती शुरू कर दी है। अव्यवस्थाओं से लबरेज यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन पर पीएसी द्वारा निरीक्षण होना है। निरीक्षण से दो रात पूर्व से ही अंबाला रेल मंडल अधिकारियों ने अपनी खामियों पर रंगरोगन शुरू कर दिया है। ताकि निरीक्षण पर आए अधिकारियों को स्टेशन साफ व चमकता दिखाई दे। यात्री सुविधा समिति (पीएसी) द्वारा निरीक्षण के दौरान रेलवे स्टेशन पर सफाई, व्यवस्था, खान पान, शौचालय, पेय जल सहित अन्य यात्री सुविधाओं का आंकलन किया जाएगा। इसी को देखते हुए अमर उजाला ने रविवार को जगाधरी रेलवे स्टेशन का दौरा किया तो पाया, कि स्टेशन पर फैली अव्यवस्थाओं को छिपाया जा रहा था। जिसका काम जोरों से चल रहा था।
आनन फानन में शौचालयों की करवाई सफाई
यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन पर एक शुल्क व एक निशुल्क शौचालय है। जबकि पुरुषों के लिए केवल एक मूत्रालय बना है। काफी समय से इनकी सफाई नहीं की जा रही थी। लेकिन पीएसी की इंपेक्शन से पहले अधिकारियों ने शौचालयों को बिल्कुल साफ करने के आदेश दिए। जिसके बाद सिर्फ दो घंटे में ही दोनों शौचालय नीट एंड क्लीन कर दिए।
सफाई के लिए कम कर्मचारी, चूना डाल लगा रहे चूना
यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन की साफ सफाई का ठेका दिया गया है। लेकिन ठेकेदार पैसे बचाने के लिए कम लोगों से काम ले रहा है। स्टेशन पर तैनात एक रेलवे कर्मचारी ने बताया कि पूरे स्टेशन परिसर की सफाई के लिए 10 से 12 कर्मचारियों की आवश्यकता है, लेकिन ठेकेदार की ओर से केवल चार ही कर्मचारी सफाई के लिए लगाए गए हैं। वहीं यह कर्मचारी केवल उन स्थानों की सफाई करते हैं, जहां यात्रियों का आना जाना अधिक है। कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि ठेकेदार अधिकारियों की मिली भगत के कारण ऐसा कर रहा है। उसने बताया कि पीएसी टीम के निरीक्षण को लेकर स्टेशन पर साफ सफाई करवाई जा रही है। रेलवे ट्रैक पर फर्श न होने के कारण पानी से सफाई नहीं की जा सकती है। ऐसे में गंदगी ज्यादा फैलती और इससे बीमारी फैलाने वाले कीड़े पैदा होते हैं। इसे रोकने के लिए ट्रैक पर चूना डाला जाता है। लेकिन यह सिर्फ कागजों में होता है। सोमवार को पीएसी टीम की इंपेक्शन है ऐसे भी पोल खुल न जाए इसके लिए ट्रैक पर चूना डालकर रेलवे को चूना लगाया जा रहा है।
प्लेटफार्म पर पड़े गड्ढे दिए गए भर
रेलवे प्लेटफार्म पूरी तरह टूटा पड़ा है। जगह-जगह गड्ढे हैं। रविवार को ही मजदूर लगाकर प्लेटफार्म के सभी गड्ढे भर दिए गए हैं। प्लेटफार्म नंबर दो व तीन पर 20 से अधिक जगहों पर गड्ढे थे। जिन्हें तुरंत प्रभाव से भरकर उस पर सीमेंट से प्लस्तर कर समतल करवा दिया गया। यह सब केवल अधिकारियों को खुश करने के लिए किया जा रहा है। वहीं प्लेटफार्म नंबर एक रंगाई पुताई करवा जा रही है। ताकि दीवारें चमकती व साफ नजर आए।
पीएसी निरीक्षण को लेकर कुछ अतिरिक्त कार्य करवाए जा रहे हैं। रेलवे परिसर में नियमित रूप से साफ सफाई होती है। यहां पर सफाई कर्मचारी की संख्या पूरी है। छह सुबह, चार शाम व दो रात में सफाई व्यवस्था देखते हैं।
एसके जोशी, स्टेशन अधीक्षक, यमुनानगर-जगाधरी।