फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नहीं आईं दर्जन भर ट्रेनें, यात्री हुए परेशान

Sun, 21 Jun 2015 12:04 AM IST
ब्ूयरो/अमर उजाला, यमुनानगर
विज्ञापन
विज्ञापन
तंदवाल-बराड़ा रेलवे स्टेशन के बीच शनिवार को अंडरपास ब्रिज रखने के लिए रेलवे ने 11 घंटे का ब्लॉक लिया। अंबाला से सहारनपुर रेल मार्ग बंद होने से जगाधरी रेलवे स्टेशन से होकर निकलने वाली सुबह नौ से शाम सात बजे तक की सभी ट्रेनें रद रहीं।
विज्ञापन


दस ट्रेनें ऐसी थीं जो सहारनपुर व अंबाला स्टेशन से आगे नहीं आईं जबकि छह ट्रेनों के रूट वाया पानीपत से डायवर्ट किए गए। ट्रेनें रद होने से हजारों यात्रियों को स्टेशन पर आकर मायूस होकर लौटना पड़ा। कुछ यात्रियों को जहां अपनी यात्रा रद करनी पड़ी तो कुछ बस व अन्य यातायात के साधनों से अपने गंतव्य तक पहुंचे।

अंबाला में पड़ने वाले तंदवाल-बराड़ा के बीच रेलवे ट्रैक को पार करने के लिए अंडरब्रिज बनाने की काफी दिन से प्रक्रिया चल रही है। शनिवार सुबह करीब सवा नौ बजे से अंबाला-सहारनपुर रूट की ट्रेन बंद कर दी गईं। ट्रेनें बंद होने से कुछ ही देर में जिले के मुख्य रेलवे स्टेशन जगाधरी के अलावा जगाधरी वर्कशाप, कलानौर, दराजपुर, मुस्तफाबाद आदि स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ लग गई।
विज्ञापन


जगाधरी रेलवे स्टेशन पर अंबाला की ओर से अंतिम ट्रेन सुबह 9.20 बजे छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस आई। वहीं, सहारनपुर की ओर से सुबह 8.20 बजे चंडीगढ़ लखनऊ सद्भावना एक्सप्रेस आई। उसके बाद स्टेशन की टिकट खिड़की पर सभी ट्रेनें रद हैं का नोटिस चस्पां कर दिया। ब्लॉक होने से सुबह नौ बजे से शाम सात बजे के बीच आने वाली ट्रेनें रेलवे स्टेशन जगाधरी पर नहीं पहुंचीं। जो गाड़ियां अंबाला की ओर से आती हैं, वे अंबाला तक ही आईं और जो सहारनपुर की ओर से आती हैं उनकी सहारनपुर से वापसी हो गई।

यात्रियों को हुई भारी परेशानी
ट्रेनें बंद होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह बरसात में भीगते हुए जैसे तैसे यात्री जगाधरी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे, लेकिन यहां ट्रेनें रद होने की सूचना पर उनकी परेशानी बढ़ गई। जगाधरी निवासी भूपेंद्र ने बताया कि वे परिवार के साथ घूमने के लिए ऋषिकेश जा रहे थे। यहां आकर देखा कि ट्रेनें रद हैं। रेलवे को इस बारे में पहले से टीवी, अखबार या अन्य माध्यमों से लोगों को बताना चाहिए।

अमृतसर के शिवालाबाई निवासी अंकुश अपनी बेटी अनिशा के साथ तेजली खेल परिसर में आयोजित लॉन टेनिस प्रतियोगिता में आए थे। प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद वे ऑटो से जगाधरी रेलवे स्टेशन पर अमृतसर जाने के लिए पहुंचे, लेकिन यहां ट्रेनें बंद देख उन्हें बारिश में ही वापस ऑटो में बैठ बस स्टैंड जाना पड़ा।

मानकपुर से आई माधुरी देवी को गौरखपुर जाना था, वह अकेली थी, स्टेशन पर ट्रेन न आने की सूचना पाकर वह परेशान होकर स्टेशन पर ही बैठ गई और इंतजार करने लगी।

पुराना हमीदा निवासी मदन लाल शारीरिक रूप से निशक्त हैं। उन्हें सहारनपुर जाना था, उनके पास इतने पैसे भी नहीं थे कि वह बस से जाएं। ट्रेन का किराया कम होने के कारण वे रेलवे स्टेशन पर बैठ ट्रेन का इंतजार करते रहे।

खजूरी निवासी जितेंद्र को बिहार के शिवांग जाना था। वहां रिश्तेदारी में शादी है लेकिन ट्रेन नहीं मिलने से उसे सहारनपुर तक बस से जाना पड़ा।

अमृतसर निवासी बलविंद्र सिंह फैमिली के साथ रादौर में आयोजित शादी समारोह में आए थे, शनिवार को वापस घर जाने के लिए रादौर से बस स्टैंड और बस स्टैंड से जगाधरी रेलवे स्टेशन पहुंचे। लेकिन यहां ट्रेन रद होने की सूचना देख पूरा परिवार परेशान हो गया।

मेरठ निवासी मानसी जीएनजी कॉलेज में पढ़ती है। रविवार को उसका मेरठ में एग्जाम है। इसके लिए वह कॉलेज से मेरठ जाने के लिए स्टेशन पर पहुंची, लेकिन यहां ट्रेन रद होने की सूचना पाकर वह परेशान हो गई। बाद में बस के माध्यम से अपने गंतव्य की ओर गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें