श्री वैष्णो देवी (कटरा) की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है, अब ट्रेन से सीधे कटरा तक सफर कर सकेंगे। रेलवे ने ऋषिकेश से जम्मू जाने वाली गाड़ी हेमकुंड एक्सप्रेस (14609) का रूट बढ़ाकर कटरा तक कर दिया है। यानी श्रद्धालुओं को जम्मू में ट्रेन के अलावा अन्य साधन नहीं खोजना पड़ेगा और न ही उन्हें ट्रेन बदलने का झंझट होगा।
बता दें कि यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन से यह पहली ट्रेन है, जो रोज सीधे कटरा के लिए रात 8:18 बजे रवाना होगी। इसके दस घंटे बाद ट्रेन सुबह 6:30 बजे कटरा पहुंचा देगी। इससे पूर्व छपरा टु कटरा केवल सीजनल ट्रेन है, जो गर्मियों की छुट्टियों या त्योहारों के समय ही चलती है।
यात्रियों को राहत देने के लिए बुधवार से हेमटकुंड एक्सप्रेस (14609) का रूट भी जम्मू से बढ़कर कटरा हो गया है। इस पर जगाधरी से कटरा तक जाने के लिए स्लीपर क्लास का 300, एसी थर्ड का 805 व एसी द्वितीय का 1155 रुपये किराया है।
हेमकुंड एक्सप्रेस के सीधे कटरा तक चलने से श्री वैष्णो देवी (कटरा) यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को जम्मू से ट्रेन नहीं बदलनी पड़ेगी। इससे उनके समय व धन की बचत होगी। जबकि जगाधरी से चलने वाली अन्य ट्रेनों के जम्मू पहुंचने पर श्रद्धालुओं को कटरा के लिए दूसरी गाड़ी का टिकट लेने व उसके लिए लाइन में लगने का झंझट रहता है, अन्यथा वे बस व अन्य साधन से कटरा तक पहुंचते हैं।
श्रद्धालु बलवंत सिंह, रमन शर्मा, ऋषि मेहंदीरत्ता, नितिन, राकेश, गुरप्रीत ने कहा कि वे अब हेमकुंड ट्रेन में ही सीट बुक करवा कर कटरा तक का सफर कर सकेंगे।
दैनिक रेल यात्री संघ के संरक्षक नरेश कुमार ने कहा कि संघ रेलवे व सरकार से जगाधरी स्टेशन से जम्मू जाने वाली अन्य ट्रेनों का रूट भी कटरा तक बढ़ाने की मांग करेगा। इसके अलावा आनंद विहार से कटरा तक जाने वाली आनंद विहार एक्सप्रेस के यमुनानगर-जगाधरी स्टेशन पर ठहराव की मांग होगी।
इससे श्री वैष्णो दरबार जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भी राहत मिलेगी। क्योंकि जगाधरी स्टेशन से रात सवा ग्यारह बजे छत्तीसगढ़ के बाद सुबह तक दिल्ली के लिए कोई ट्रेन नहीं है। यह ट्रेन रुकेगी तो जगाधरी से रात डेढ़ बजे इससे यात्री दिल्ली जा सकेंगे।
ऋषिकेश से जम्मू जाने वाली हेमकुंड एक्सप्रेस (14609) का रूट बढ़कर कटरा तक कर दिया गया है। जगाधरी स्टेशन पर यह 20:17 पर आएगी और 2018 पर रवाना होगी। जबकि वापसी में हेमकुंड एक्सप्रेस (14609) कटरा से 15:15 बजे चलेगी और जगाधरी स्टेशन 03:28 बजे पहुंचेगी।
आरके राणा, स्टेशन अधीक्षक, रेलवे स्टेशन जगाधरी।