जगाधरी। प्रशासन की ओर से किय जा रहे सड़क सुरक्षा के तमाम दावे कागजों तक सिमटे हैं। इससे शहर के चौराहों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। शहर के चौराहों पर लगी ट्रैफिक लाइट काफी समय से खराब पड़ी है। पुलिस की ओर से कई बार नगर निगम को पत्र भी भेजा गया है पर इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया है। हालात ऐसे हैं कि ट्रैफिक लाइट कभी भी बीच में बंद हो जाती है तो कभी भी शुरू हो जाती है। इससे यातायात पुलिस कर्मियों के साथ वाहन चालक भी परेशान हैं।
जानकारी के अनुसार शहर के किसी भी चौक की लाइट ठीक से काम नहीं कर रही है। ऐसे में कर्मचारियों को मैन्युअल तरीके से यातायात कंट्रोल करना पड़ रहा है। लाइट खराब होने के कारण कई बार लोग रेड लाइट में भी आगे तक आ जाते हैं, चूंकि लाइटों की टाइमिंग कभी बीच में बदल जाती है। इसके लिए यातायात पुलिस की ओर से नगर निगम को लाइट ठीक करवाने के लिए पत्र लिखा है, लेकिन अभी इस पर कार्रवाई नहीं हो पाई है। इससे यातायात नियम टूट रहे हैं।
नगर निगम के पास नहीं बजट
यातायात पुलिस के पत्र पर नगर निगम ट्रैफिक लाइट ठीक करवाने की बात तो कर रहा है। ट्रैफिक लाइट ठीक करने के लिए नगर निगम के पास न तो कर्मचारी हैं और न ही बजट है। बजट तभी खर्च होगा जब अधिकारी इसकी बदहाली पर ध्यान देंगे। ऐसा भी नहीं है कि अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है। डीसी, नगर निगम कमिश्नर, निगम उपायुक्त, एक्सईएन के अलावा जिला प्रशासन के तमाम अधिकारी दिन में कई बार चौराहों से गुजरते हैं। बुधवार को सभी चौक-चौराहों पर लगी ट्रैफिक कंट्रोल लाइटों का जायजा लिया गया तो इनमें से एक भी पूरी तरह ठीक से काम नहीं कर रही थी।
किसी लाइट का टाइमर नहीं ठीक
जगाधरी जेल चौक, गुलाब नगर, मेला सिंह चौक, चूना भट्ठी चौक, पंचायत भवन व विश्वकर्मा चौक पर लाइटें काफी समय से खराब हैं। इसी तरह जगाधरी बस स्टैंड की ट्रैफिक लाइट में टाइमर ही नहीं है। वाहन चालकों को रुकने व चलने का पता नहीं चल पाता है। कई बार तो वाहन निकल रहे होते हैं और अचानक रेड लाइट हो जाती है। इसके अलावा चौराहों के सिग्नल की पीली बत्ती ही काम नहीं करती है। ऐसे में शहर के चौराहों पर सुबह शाम भारी जाम लग रहा है।
-
वर्जन
शहर के चौराहों की ट्रैफिक लाइटें खराब पड़ी हैं। इनके टाइमर भी काम नहीं करते हैं। इससे पुलिस कर्मियों के साथ वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। लाइट ठीक करवाने के लिए नगर निगम को पत्र लिखा गया है।
कुशलपाल राणा, थाना यातायात प्रभारी
-