माई सिटी रिपोर्टर
यमुनानगर। भाजपा की जिला कार्यकारिणी की बैठक का शनिवार को संयुक्त किसान मोर्चा ने जोरदार विरोध किया। मटका चौक पर करीब साढ़े तीन घंटे तक किसान और पुलिस आमने-सामने रही और गहमागहमी का माहौल बना रहा। इस दौरान यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला।
भाकियू के सभी गुटों के पदाधिकारियों की अगुवाई में सैकड़ों किसान सुबह साढ़े नौ बजे जगाधरी के मटका चौक पर एकत्र हुए। जिला पुलिस की तरफ से किसानों को रोकने के लिए कंटीली तार और लोहे के अवरोधक लगा रखे थे। करीब सवा दस बजे जब भाजपा नेता पहुंचने लगे तो किसान भी कार्यक्रम स्थल की तरफ बढ़ने लगे।
बैरिकेड तोड़ने के लिए टैक्टर लेकर आए भाकियू के डायरेक्टर मनदीप रोड छप्पर को पुलिस ने सख्ती से रोकने का प्रयास किया, लेकिन किसान नहीं माने और वे जबरदस्ती अवरोधकों पर चढ़ गए। बाद में डीएसपी सुरेंद्र कौर स्वयं ट्रैक्टर पर चढ़ गईं और चालक को ट्रैक्टर से नीचे उतारा। किसानों ने दमकल विभाग की गाड़ी व वाटर कैनन को भी रास्ते से हटाने का प्रयास किया। इस दौरान एक महिला पुलिस कर्मचारी गाड़ी और ट्रैक्टर के बीच में गिर गई। इससे उसे चोट आई।
पुलिस की सख्ती और भाकियू के प्रदेश संगठन सचिव हरपाल सुढैल के समझाने पर प्रदर्शनकारी किसान बैठक स्थल से पीछे हटे और मटका चौक पर धरने पर बैठ गए। विरोध कर रहे भाकियू के जिलाध्यक्ष सुभाष गुर्जर, एडवोकेट साहब सिंह गुर्जर व संयुक्त मोर्चा की महिला विंग की प्रधान रुपिंद्र कौर सहित 26 किसानों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए किसानों को छोड़े जाने के बाद किसानों ने धरना समाप्त किया। इस दौरान सुभाष गुर्जर, मंदीप रोडछप्पर, संजू गुंदियाना, सरदार गुरभजन, साहब सिंह गुर्जर, प्यारेलाल तंवर, महिपाल चमरोड़ी, सुखदेव, रूपिंद्र कौर, सुखबीर कौर, सुमन बाल्मिकी समेत काफी संख्या में किसान नेता मौजूद रहे।
इस तरह चला घटनाक्रम
09:30 बजे किसान मटका चौक पर जुटना शुरू हो गए।
09:35 से 09:45 तक जिलाध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने भाषण दिया।
09: 50 मेयर मदन चौहान व जिलाध्यक्ष राजेश सपरा रामलीला भवन में पहुंचे।
10:15 भाजपा के मंत्री पहुंचे, बैठक शुरू की गई।
10:30 बजे किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
10:40 प्रदर्शनकारी किसानों ने पहले बैरिकेड को तोड़ दिया।
10:45 किसान दूसरे बैरिकेट के पास पहुंचे, यहां पर डीएसपी आशीष चौधरी ने उन्हें रोका।
11:00 किसान ट्रैक्टर लेकर आएं और बैरिकेड टक्कर मार कर हटा दिया।
11:05 कई किसान अवरोधकों से आगे निकल गए, जिन्हें पुलिस ने रोक लिया।
11:25 ट्रैक्टर वापस होने शुरू हो गए और एसपी किसानों के बीच पहुंचे।
12:00 बजे किसान वापस मटका चौक पहुंचे, पुलिस ने किसानों को हिरासत में लिया।
01:00 बजे हिरासत में लिए किसानों को छोड़ दिया गया है, इसके बाद किसान चले गए।
02:00 भाजपा की कार्यकारिणी की बैठक समाप्त हो गई।
बैरिकेडिंग तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई : चौधरी
डीएसपी आशीष चौधरी ने बताया कि किसानों ने जब भाजपा की बैठक को रोकने का प्रयास किया तो पुलिस और किसानों में झड़प हो गई। इस दौरान कुछ लोगों ने बैरिकेड पर ट्रैक्टर तक चढ़ा दिया, लेकिन पुलिस उन्हें काबू करते हुए कार्यक्रम का संचालन कराने में सफल रही। किसान नेताओं से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उनके बीच में भी कुछ लोग ऐसे हैं जो बात नहीं मानते हैं। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस बैरिकेडिंग को ट्रैक्टर से टक्कर मारने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
भाकियू चढूनी गुट के प्रधान संजू गुंदियाना का कहना है कि हमने पहले ही ऐलान किया था कि बीजेपी व जेजेपी के प्रत्येक कार्यक्रम का विरोध करेंगे और जब तक कृषि कानून रद्द नहीं होते तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इसके बावजूद भाजपा की और से टकराव की स्थिति बनाई जा रही है।
भाकियू के डायरेक्टर मंदीप रोड छप्पर का कहना है कि पुलिस किसानों को उकसाने का काम कर रही है। किसानों पर जोर जबरदस्ती की जा रही है। हमारा पुलिस से कोई विरोध नहीं है। पुलिस ने किसानों के साथ धक्कामुक्की की, जिससे कई किसानों को चोट आई है। बड़ी संख्य मे किसानों को थाने में बैठाया गया। हम इसकी निंदा करते हैं।