संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। वकील के मुंशी हैबतपुर गांव निवासी प्रदीप शर्मा पर एक बार फिर गांव के ही आठ लोगों ने रास्ते में रोककर हमला कर दिया। हमला करने का आरोप उन्हीं लोगों पर लगा है, जिन पर दो दिन पहले प्रदीप ने केस दर्ज कराया था। साढौरा थाना पुलिस ने मामले में नौ लोगों पर केस दर्ज किया है।
हैबतपुर निवासी प्रदीप शर्मा ने बताया कि वह जगाधरी कोर्ट में एक वकील के पास मुंशी है। तीन दिन पहले गांव के ही मनोज, प्रदूम्न, संदीप के साथ छत से गुजर रही बिजली की तार हटाने को लेकर विवाद हो गया था। इस रंजिश में आरोपियाें ने उस पर धारदार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया था। तब पुलिस ने 18 लोगों पर केस दर्ज किया था। इसी रंजिश में बुधवार को फिर से आरोपियों से उसका रास्ता रोककर मारपीट की।
उस समय वह कार से अपने घर आ रहा था। तभी रास्ते में प्रदूम्न, मनोज, विवेक, योगेश, शुभम, जयकुमार, मिट्ठू ने ट्रैक्टर अड़ाकर उसका रास्ता राेक लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने डंडों से पीटा। उसकी कार में भी तोड़फोड़ की। जिससे उसकी कार क्षतिग्रस्त हो गई। किसी तरह से वह आरोपियों से बचकर भागा। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। साढौरा थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई की है।