छछरौली। हरियाणा रोडवेज बस की खिड़की से गिरकर घायल हुए डारपुर निवासी 52 वर्षीय सकील की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसा 30 अगस्त को शेरपुर मोड के पास हुआ था। पुलिस ने आरोपी बस चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डारपुर निवासी शराफत अली ने बताया कि उसका चाचा सकील जगाधरी निवासी निश्चल के साथ ट्रैक्टर चलाता था। 30 अगस्त को उसका चाचा जगाधरी से रोडवेज बस में सवार होकर घर आ रहा था। बस में भीड़ के चलते उसका चाचा खिड़की पर खड़ा था। शेरपुर मोड के पास का जब बस पहुंची तो चालक ने लापरवाही से बस चलाते हुए अचानक मोड़ दी। जिससे उसका चाचा चलती बस से खिड़की से नीचे गिर गया। खिड़की से नीचे गिरते ही वह घायल हो गया।
हादसे के बाद बस चालक व परिचालक ने अन्य लोगों की मदद से उसके चाचा सकील को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। जहां उसकी हालत गंभीर होने पर पीजीआई रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे शहर के गाबा अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उपचार के दौरान उसकी वीरवार शाम को मौत हो गई। छछरौली थाना पुलिस ने मामले में आरोपी बस चालक जींद निवासी सुभाष के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शुक्रवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने परिजनों के हवाले कर दिया। जांच अधिकारी वेद प्रकाश का कहना है कि आरोपी बस चालक पर केस दर्ज कर लिया है।