संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सहारनपुर रोड पर ट्रक अड्डे के पास ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक सवार गुलाब नगर निवासी 68 वर्षीय विकास कुमार का कुचल दिया। हादसे के दौरान मौके पर ही बुर्जुग की मौत हो गई।
गुलाब नगर कैंप निवासी रिंकू उर्फ गोरा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका दोस्त गुलाब नगर निवासी 68 वर्षीय विकास कुमार रेलवे स्टेशन पर काम से गया था। वीरवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह बाइक पर रेलवे स्टेशन से वापस लौट रहा था। जब वह नए रेलवे क्रॉसिंग पुल से सहारनपुर रोड ट्रक अड्डे से गुलाब नगर की तरफ मुड़ा तो शुगर मिल की तरफ से आ रहे ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से विकास बाइक समेत सड़क पर गिर गया। ट्रैक्टर ट्रॉली का पहिया विकास के सिर के ऊपर से निकल गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर ट्रॉली चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।