संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। तेजली गांव में विश्वकर्मा दिवस के उपलक्ष्य में कामगार युवकों की ओर से हवन व भंडारे का आयोजन किया गया। युवकों ने अपने काम में इस्तेमाल होने वाले औजारों की विधिवत पूजा-अर्चना की और भगवान विश्वकर्मा से सुख-समृद्धि व कामकाज में उन्नति की कामना की।
हवन के बाद भंडारा लगाया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में गांव के कामगार युवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। राजकमल, सुभाष, सोनू, अंकित, अजय, जसपाल और प्रमोद ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी भगवान विश्वकर्मा दिवस पर हवन और भंडारे का आयोजन किया गया है।
आयोजन में गांव तेजली के कामगार युवकों ने सहयोग किया। उन्होंने बताया कि भगवान विश्वकर्मा को शिल्प, निर्माण और औजारों का देवता माना जाता है। कामगारों के लिए यह दिन विशेष महत्व रखता है। इस दिन अपने काम में इस्तेमाल होने वाले औजारों की पूजा कर उनके प्रति सम्मान प्रकट किया जाता है।
उन्होंने कहा कि हवन-यज्ञ के माध्यम से क्षेत्र की सुख-शांति और परिवारों की खुशहाली की कामना की गई। इसके बाद सभी ने मिलकर भंडारे की सेवा की और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।