संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सीआईए वन की टीम ने मंगलवार को एक चोर को गिरफ्तार किया है। उसने पहले पड़ोसी के घर से जेवर चोरी किए और बाद में चोरी किए सोने के गहनों को फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर दो लाख रुपये का लोन ले लिया। आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
सीआईए वन के इंचार्ज राकेश मटोरिया ने बताया कि उनकी टीम के सब इंस्पेक्टर प्रमोद वालिया की टीम ने गांव मारवा खुर्द में मकान में चोरी के आरोपी गांव निवासी अभिजीत उर्फ जीतू को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि चोरी किए चांदी के जेवरात उसने अपने घर पर भूसे में दबा रखे थे। वहीं सोने के गहनों को एक निजी फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर दो लाख रुपये का लोन भी लिया था। सीआईए वन की टीम ने आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
इंचार्ज मटोरिया ने बताया कि मारवा खुर्द निवासी डिंपल चौहान 16 फरवरी की रात को परिवार सहित घर पर था। उनकी मां किसी रिश्तेदारी में गई हुई थी। इसलिए वह ड्राइंग रूम में सो गया था। सुबह जब उसकी आंख खुली और वह बेडरूम में गया तो वहां का सारा सामान बिखरा हुआ पड़ा था। अलमारी से चार सोने के कड़े, सोने की चेन सेट, कानों की तीन सोने की बालियां, अंगूठियां व चेन गायब मिली। इसके साथ ही पांच जोड़ी चांदी की पाजेब और 16 हजार रुपये की नकदी भी अलमारी से गायब थी। डिंपल चौहान ने गांव के ही अभिजीत पर चोरी का शक जताया था। पुलिस ने तब आरोपी पर केस दर्ज कर लिया था।