जगाधरी। श्री कृष्ण सेवा समिति जगाधरी-यमुनानगर की ओर से मटका चौक स्थित बीएन महल में गुरु पूजन के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने श्रद्धालुओं को गुरु पूजा और गुरु पूर्णिमा के महत्व के बारे में बताया।
उन्होंने बताया कि गुरु पूजन कि परंपरा महर्षि व्यास ने शुरू की थी। सच्चा गुरु ही ईश्वर प्राप्ति का सरल सुगम रास्ता बता सकता है। गुरु ही नाम दीक्षा देकर जीवन के वास्तविक मूल्य को पहचानने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है। गुरुद्वारा दी गई नाम दीक्षा ही आगे जाकर मानव कल्याण के लिए नए-नए रास्ते और आयाम खोलती है। इसलिए गुरु के महत्व को सनातनी ग्रंथों में लिखा गया। उन्होंने बताया कि गुरु ब्रह्मा, गुरु विष्णु, गुरु देवो महेश्वरा, गुरु साक्षात परम ब्रह्म तस्मै श्री गुरुवे नमः। गुरु गोविंद दोउ खड़े काके लागू पाये, बलिहारी गुरु आपने जिन गोविंद दियो मिलाए। इसलिए आज के इस कठिन युग में गुरु प्रताप के साथ ईश्वर प्राप्ति करना बहुत जरूरी है जो आपका दुखी जीवन को सुखी जीवन में परिवर्तित कर सकता है और आपके जीवन का सरल सुगम जीवन जीने का तरीका बताता है। इस दौरान भजन रसिक पवन गुंबर, रतन रसिक विक्की, नटराज, नीरज कालड़ा, नीरू चौहान, कोमल धवन ने भजनों की प्रस्तुति दी। इस मौके पर यमुनानगर विधायक घनश्याम दास, व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष रामनिवास गर्ग और निवर्तमान मेयर मदन चौहान के अलावा जितेंद्र गुप्ता, संदीप बंसल, जितेंद्र गांधी, गौतम छाबड़ा, संजीव बग्गा, सोनू पुनानी, नीरज, अनिल छाबड़ा, ललित छाबड़ा, कोमल धवन, गगन, विक्की, योगेश, अमीश, राकेश अरोड़ा मौजूद रहे।