संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व्यासपुर में स्वास्थ्य जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और मरीजों ने भाग लिया। कार्यक्रम में लोगों को हृदय रोगों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।
एसएमओ डॉ. शमा परवीन ने हृदय स्वास्थ्य और हृदय रोगों से बचाव के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि असंतुलित खान-पान, शारीरिक गतिविधियों की कमी, तनाव, तंबाकू और शराब का सेवन समेत कई जोखिम कारक हृदय स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकते हैं। लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, शारीरिक रूप से सक्रिय रहने और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
गोष्ठी में स्वस्थ आहार को स्वस्थ हृदय की आधारशिला बताते हुए आहार में विविधता बढ़ाने और नमक, चीनी, मैदा व अस्वस्थ वसा का सेवन कम करने का संदेश दिया गया। लोगों से तंबाकू, शराब सहित सभी प्रकार के नशे से दूर रहने की अपील की गई। डेंटल सर्जन डॉ. मीरा जिंदल ने मौखिक स्वास्थ्य और हृदय स्वास्थ्य के संबंध के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने दांतों और मसूड़ों की नियमित सफाई के लिए दिन में दो बार सही तरीके से ब्रश करने और नियमित मौखिक स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. निधि पुपनेजा ने तनाव प्रबंधन में योग और प्राणायाम की भूमिका समझाई। मेडिकल ऑफिसर डॉ. अंकुश नेहरा और डॉ. ऋषभ शर्मा ने लोगों से हृदय स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, नियमित जांच कराने और संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने का आह्वान किया।