संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ने के साथ ही यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन के बुकिंग काउंटर पर भी टिकट लेने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर लगाई गई स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन खराब है।
जरूरत के समय मशीन बंद होने से यात्रियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। कई बार टिकट लेने के इंतजार में ही ट्रेन रवाना हो जाती है और यात्रियों को अगली ट्रेन का इंतजार करना पड़ता है। करीब दो वर्ष पहले रेलवे स्टेशन पर स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) लगाई गई थी। इसके पीछे रेलवे का उद्देश्य बुकिंग काउंटर पर यात्रियों की भीड़ कम करना और उन्हें आसानी से टिकट उपलब्ध करवाना था।
मशीन के माध्यम से यात्री स्वयं टिकट प्राप्त कर सकते थे, जिससे उन्हें लंबी कतारों में खड़े होने से राहत मिलनी थी। त्योहारों के दौरान दूसरे शहरों और राज्यों में आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में सामान्य दिनों की अपेक्षा टिकट खिड़की पर अधिक दबाव रहता है।
वर्तमान में मशीन खराब होने के कारण टिकट लेने के लिए सभी यात्रियों को बुकिंग काउंटर पर निर्भर रहना पड़ रहा है। इससे कतारें लंबी हो रही हैं और यात्रियों का समय भी बर्बाद हो रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए लगाई गई मशीन का लंबे समय से बंद रहना रेलवे की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
मशीन की होती नियमित निगरानी : यशनजीत
अंबाला मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक यशनजीत सिंह ने कहा कि एटीवीएम की नियमित रूप से निगरानी होती है। यदि किसी स्टेशन पर मशीन खराब होती है तो तुरंत शिकायत करके दुरुस्त करवाया जाता है। संभव है कि लाइट इत्यादि या प्रोसेसिंग धीमी रही हो, जो कभी-कभी नेटवर्क के कारण होता है। शनिवार को भी इसकी मॉनिटरिंग की गई है, जो ठीक है। यदि ऐसा है तो इसकी जांच करवाई जाएगी।