गांव भंगेड़ा से दुकान बंद कर घर लौट रहे दुकानदार से बाइक सवार तीन बदमाश दस हजार रुपये और मोबाइल लूटकर फरार हो गए हैं। बदमाशों ने रविवार रात करीब आठ बजे गांव मुजाफ्तखुर्द के नजदीक पहले बाइक अड़ाकर दुकानदार को रोका। इसके बाद उसको सड़क किनारे खींचकर खेत में ले गए। जहां उसके साथ लूटपाट की। पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
गांव टिब्बी अराइयां निवासी दीपक कुमार ने प्रतापनगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी गांव भंगेड़ा में करियाणा की दुकान है। वह रविवार को आठ बजे दुकान बंद कर अपने घर टिब्बी अराइयां लौट रहा था। गांव मुजाफ्त खुर्द के समीप सामने से बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उसके आगे बाइक अड़ाकर रास्ता रोक लिया। इस दौरान एक युवक बाइक को स्टार्ट किए बैठा रहा। एक युवक ने उसका मुंह दबा लिया। दूसरे युवक ने उसकी बाइक को हैंडल से पकड़ लिया। इसके बाद वे उसे खींचकर एक ओर खेतों में ले गए। एक बदमाश युवक उसकी जेब से 10 हजार रुपये और एंड्रायड मोबाइल छीन लिया और खेत में धक्का देकर वहां फरार हो गए। उसने किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल से घर पर वारदात की सूचना दी। परिजनों के साथ उसने बदमाशों की आसपास तलाश की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया। इसके बाद उसने थाना प्रताप नगर में इसकी शिकायत दी। पुलिस ने दीपक के बयान पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 379ए, 34 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एसआई सुभाष चंद का कहना है कि अज्ञात युवकों पर केस दर्जकर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों का पता कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।