यमुनानगर। जिले के तेजली खेल परिसर स्थित शूटिंग सेंटर की तीन महिला खिलाड़ियों निताशा, कीर्ति और सुरवीन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय ट्रायल के लिए क्वालीफाई किया है। तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों और विभाग में उत्साह का माहौल है।
अब ये खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए कड़ी मेहनत में जुटी हुई हैं। तीनों खिलाड़ियों ने जनवरी माह में दिल्ली स्थित कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित शूटिंग प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट निशानेबाजी के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय ट्रायल्स के लिए जगह बनाई। इस उपलब्धि को हासिल करने के बाद से खिलाड़ी लगातार अपने खेल को और बेहतर बनाने के लिए अभ्यास कर रही हैं।
विज्ञापन
अंतरराष्ट्रीय ट्रायल्स को ध्यान में रखते हुए निताशा, कीर्ति और सुरवीन पिछले तीन से चार महीने से तेजली खेल परिसर स्थित शूटिंग सेंटर में नियमित प्रशिक्षण ले रही हैं। यहां कोच की देखरेख में वे रोजाना कई घंटों तक अभ्यास कर अपनी तकनीक और निशाने की सटीकता को और मजबूत बना रही हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय ट्रायल्स में बेहतर प्रदर्शन करना उनका लक्ष्य है और इसके लिए वे पूरी लगन और मेहनत से अभ्यास कर रही हैं।
शूटिंग रेंज की कोच गीतू ठाकुर ने बताया कि तीनों खिलाड़ी अब अंतरराष्ट्रीय ट्रायल्स में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने के लिए पूरी तरह तैयारियां कर रही हैं। यह मौका उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है और वे देश व जिले का नाम रोशन करने के लिए पूरी मेहनत कर रही हैं। यदि इसी तरह मेहनत जारी रही तो आने वाले समय में ये खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर सकती हैं और जिले के लिए बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकती हैं।