जगाधरी। शहर जगाधरी थाना क्षेत्र में बाईपास रोड पर तीन बदमाशों ने फलों की रेहड़ी लगाने वाले युवक को पहले तो कट्टा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद वे उसकी जेब से तीन हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। शहर जगाधरी थाना पुलिस ने शिकायत पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
रामनगर कालोनी निवासी साहिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बाईपास रोड जगाधरी पर फलों की रेहड़ी लगाता है। वीरवार की दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे रेहड़ी पर एक स्विफ्ट कार आकर रूकी। जिसमें से तीन युवक उतरे और उन्होंने रेहड़ी से बेर लेकर खाए। जब उनसे रुपये मांगे तो उन्होंने 100 रुपये का नोट दिया। जिसमें से 20 रुपये बेर के रखकर बाकी 80 रुपये वापस कर दिए। इसी दौरान दो युवक कार से उतरे और अमरूद मांगा। जैसे ही उन्हें अमरूद देने लगा तो उनमें से एक बदमाश ने कट्टा निकाला और उसमें गोली डालकर छाती पर रख दिया। दूसरे ने एकदम से जेब से लगभग तीन हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाश भाग निकले।