बूड़िया गेट पुलिस चौकी की टीम ने चोरी की बाइक को बेचने ले जाते हुए तीन आरोपियों को काबू किया है। पूछताछ में आरोपियों से बाइक चोरी के दो मामलों का खुलासा हुआ। आरोपियों से दोनों बाइक बरामद कर अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। चौकी इंचार्ज गुरदयाल सिंह ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली कि तीन युवक चोरी की बाइक को बेचने के लिए बूड़िया चौक पर खड़े हैं। इस सूचना के आधार पर उनकी टीम ने मौके पर जाकर वहां पर खड़े तीन युवकों को बाइक सहित काबू किया। पूछताछ में जिनकी पहचान खड्डा कॉलोनी पुराना हमीदा निवासी आस मोहम्मद उर्फ आशु व आरिफ उर्फ भोला तथा गांव बूड़िया निवासी इमरान के नाम से हुई। आरोपियों से जब पूछताछ की गई तो उनसे चोरी की बाइक बरामद हुई। इंचार्ज गुरुदयाल सिंह ने बताया कि 13 जून को आरोपियों ने मच्छी बाजार जगाधरी से बाइक चोरी की और इसी बाइक को बेचने जाते हुए टीम ने उसे दबोच लिया। इसके अलावा आरोपियों ने 17 फरवरी को थाना शहर यमुनानगर एरिया से भी बाइक चोरी की थी। इंचार्ज ने बताया कि आरोपी आरिफ पर चोरी के 16 केस व आस मोहम्मद पर चोरी के सात केस पहले भी दर्ज है जो न्यायालय में विचाराधीन है। आरोपियों से दोनों बाइक बरामद कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।