यमुनानगर। एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कलानौर बॉर्डर से कार सवार तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 60 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
एंटी नारकोटिक सेल के इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से एक कार में सवार तीन युवक कलानौर बॉर्डर के रास्ते यमुनानगर जिले में नशीला पदार्थ लेकर प्रवेश करेंगे। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की गई। उप निरीक्षक आशीष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें ओमप्रकाश, एएसआई राजिंदर, जयपाल और पंकज को शामिल किया गया।
पुलिस टीम ने कलानौर बॉर्डर पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार आती दिखाई दी, जिसे टीम ने रुकवाकर जांच की। कार में सवार तीन युवकों से पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर दो आरोपियों के पास से नशीला पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस जांच में कार सवार युवकों की पहचान कार मालिक कांसापुर निवासी कासिम उर्फ लाला, सुफियान तथा अशोक विहार कॉलोनी निवासी मनदीप के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपी सुफियान और मनदीप के पास से 30-30 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इस तरह कुल 60 ग्राम हेरोइन पुलिस ने कब्जे में ली। संवाद