बाजार से घर लौट रहे चचेरे भाइयों को ट्रैक्टर-ट्राली चालक ने कुचल दिया। हादसे में एक भाई की तो मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
हादसा गांव दुसानी के पास शनिवार देर शाम उस समय हुआ जब बाजार गए कलानौर निवासी चचेरे भाई मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं सढ़ौरा थाना क्षेत्र में कैंटर की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। एक अन्य सड़क हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
कलानौर निवासी राजेश कुमार ने थाना सदर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार को उसके भतीजे 20 वर्षीय पवन कुमार और 21 वर्षीय गुरदीप सिंह मोटरसाइकिल पर यमुनानगर बाजार में गए थे। देर शाम दोनों घर वापस लौट रहे थे।
दुसानी गांव के पास सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पवन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गुरदीप सिंह को गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर में ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना सढ़ौरा क्षेत्र में कैंटर चालक ने मोटरसाइकिल सवार को कुचला दिया। हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। थाना सदर पुलिस के एएसआई गुरमेज सिंह ने बताया कि लोगों ने पुलिस को फोन कर गांव सरावां के पास सड़क हादसा होने की सूचना दी थी। अंबाला के गांव सुहाना निवासी महिंद्र सिंह ने सढौरा पुलिस को बताया कि उसका पड़ोसी नरेंद्र कुमार मोटरसाइकिल से बसातियांवालां स्थित अपनी ससुराल जा रहा था।
महिंद्र सिंह ने बताया कि नरेंद्र कुमार मोटरसाइकिल लेकर उनके आगे-आगे चल रहा था। जबकि वे उसके पीछे दूसरी मोटरसाइकिल से आ रहे थे। इस दौरान गांव सरावां के मोड़ के पास पहुंचते ही एक अज्ञात कैंटर चालक ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद चालक कैंटर छोड़कर पर फरार हो गया।
लोगों की मदद से उसने घायल नरेंद्र को अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले के जांच अधिकारी गुरमेज सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के पड़ोसी और प्रत्यक्षदर्शी महिंद्र सिंह की शिकायत अज्ञात फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस कैंटर को कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है।
उधर, गांव मथाना निवासी सुरेश कुमार ने सदर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि देर शाम वह मोटरसाइकिल पर यमुनानगर किसी काम से आया था। शाम को काम निपटाकर वापस घर लौट रहा था। इस दौरान जब वह रादौर मार्ग पर पहुंचा जीप चालक ने उसे टक्कर मार दी। लोगों ने उसे गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सदर यमुनानगर पुलिस ने सुरेश कुमार की शिकायत पर अज्ञात जीप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।