यमुनानगर। ललहाड़ी कलां निवासी अजय कुमार से नौकरी लगवाने के नाम पर साढ़े तीन लाख रुपये ऐंठ लिए। आरोप रसूलपुर निवासी पुष्पेंद्र पर है।
अजय कुमार ने बताया कि उसकी गांव भगवानपुर में रिश्तेदारी है। जहां आरोपी पुष्पेंद्र की बहन रंजना शादीशुदा है। एक दिन रिश्तेदारी में गया हुआ था। जहां रंजना ने उसे कहा कि उसके भाई पुष्पेंद्र की राजनीति में अच्छी पैठ है। इस समय पंजाब नेशनल बैंक में चपरासी के पदों पर भर्ती निकली हुई है। वह उसे नौकरी लगवा देगा। इस तरह से वह आरोपी की बातों में आ गया। उसने अपने भाई पुष्पेंद्र से बात कराई।
आरोपी ने उससे नौकरी लगवाने के नाम पर साढ़े तीन लाख रुपये ले लिए। जब काफी समय बीतने के बाद भी उसकी नौकरी नहीं लगी तो आरोपियों से अपने रुपये वापस मांगे। जिस पर वह टाल मटोल करने लगे। रंजना धमकी देने लगी कि यदि उसके भाई पर दबाव बनाया तो वह आत्महत्या कर लेगा। इस दौरान पता लगा कि आरोपियों ने कई अन्य लोगों को इसी तरह से नौकरी लगवाने के नाम पर ठगा है। पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर लिया है।