संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। श्री आदिबद्री मंदिर के समीप ईद के दिन तीन युवकों के साथ हुए मारपीट के घटनाक्रम में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों युवकों को न्यायालय में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। अब पुलिस युवकों से घटनाक्रम काे लेकर पूछताछ करेगी।
रणजीतपुर चौकी प्रभारी रमन ने बताया कि मामले में पुलिस ने छानबीन करते हुए रोहित, जिया लाल व शुभम को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ की जाएगी कि उनके साथ वारदात के दौरान और कौन-कौन लोग मौजूद थे। ज्ञात हो कि जाटोवाला गांव निवासी तारीफ ने आरोप लगाया था कि वह ईद के दिन अपने दो दोस्तों ताहरपुर के अकरम व रेहड़े माजरा के माजिद के साथ हिमाचल के गांव भेडो में अपने दोस्त मोहम्मद रफी से मिलने जा रहे थे।
उन्होंने रणजीतपुर बस अड्डे से एक बोतल कोल्ड ड्रिंक व नमकीन खरीदी। जिसे लेकर वे बाइक से भेडो जा रहे थे। आदिबद्री मंदिर के निकट उन्हें रोहित व अन्य ने रोक कर डंडो व लाठियों से पीटा। जिससे वे घायल हो गए। उन्होंने उनसे एक विशेष धर्म क नारे भी लगवाए। उनका आरोप है कि हमलावरों ने माजिद की जेब से 2200 रुपये व अकरम की जेब से 5500 रुपये व तारीफ के हाथ से अंगूठी निकाल ली।
आरोप है कि हमलावर उन्हें इस बारे किसी को बताने या पुलिस में शिकायत पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इसी मामले में सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें शिकायतकर्ता मंदिर में शराब पीने पर माफी मांगते हुए नजर आ रहे हैं।