संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। छह माह पहले महावीर कॉलोनी निवासी अशोक से छीने मोबाइल के व्हाट्सएप पर उसकी फोटो लगाकर बदमाश उसके परिचितों से पैसे की डिमांड कर रहे हैं। आरोपी उसके अस्पताल में होने की बात कहकर उसके परिचितों से रुपये मांग रहे है। उसके तीन परिचितों ने आरोपियों को 48 हजार रुपये भी लेकर ठग लिए। अशोक कुमार ने इसकी शिकायत गृहमंत्री अनिल विज को दी। गृहमंत्री के आदेश के बाद शहर जगाधरी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
महावीर कॉलोनी निवासी अशोक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीती एक मार्च को वह केसर नगर में सैर करने के लिए जा रहा था। तभी बाइक पर सवार होकर पीछे से दो युवक आए। आरोपियों नेउसके हाथ से उसका मोबाइल झपट लिया औरफरार हो गए। उस समय उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी थी, मगर पुलिस उसके मोबाइल का बिल मांगने लगे।
उसके पास मोबाइल का बिल नहीं था। इस पुलिस ने मामले में कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उसने नया फोन लेकर अपने दोनों नंबर नए ले लिए। अशोक ने बताया कि अब आरोपी झपटमारों ने व्हाट्सएप पर उसकी फोटो लगाकर उसके मोबाइल में सेव नंबरों पर संदेश भेज उसके नाम से रुपये मांग रहे है। आरोपी उसके परिचितों को अस्पताल में होने की बात कहकर उसके नाम से रुपये मांग रहे है।
उसकी मजबूरी समझकर उसके परिचितों ने आरोपियों के पास 20 हजार, 15 हजार व 13 हजार रुपये भेज दिए। ये सारे रुपये पेटीएम, गूगल पे व अन्य ऑनलाइन माध्यम से आरोपियों ने अपने बैंक खातों में मंगवाए। उसके साथियों ने उसे फोन कर उसके स्वास्थ्य के बारे व और रुपयों की मदद करने की बात पूछी। तब उसने उन्हें बताया कि वह तो बिल्कुल ठीक है। तब उन्होंने उसे घटना के बारे में बताया।
उसने इसकी शिकायत शहर जगाधरी पुलिस को दी, लेकिन उन्होंने उसे साइबर सेल जाने को कहा। वह साइबर थाना गया, लेकिन उसके मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई। जिसके बाद उसने मामले की शिकायत गृह मंत्री अनिल विज को की। गृहमंत्री ने मामले में पुलिस को मामला दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद शहर जगाधरी पुलिस ने मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।