यमुनानगर। चोरों ने आजाद नगर स्थित निर्माणाधीन मकान व बिलासपुर के चंदाखेड़ी स्थित आरा मशीन से हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। आजाद नगर की गली नंबर आठ निवासी संपूर्णानंद त्रिपाठी ने बताया कि उसने अपने मकान का निर्माण कार्य शुरू किया हुआ है।
मंगलवार रात करीब आठ बजे वह अपने निर्माणाधीन मकान को लॉक कर अपने भाई के मकान पर चला गया था। सुबह जब वह अपने मकान पर आया तो उसने देखा कि वहां से पानी की मोटर (टुल्लू पंप), छत के पंखे, एसी का स्टेब्लाइजर, एसी के तार व अन्य सामान गायब था। उधर, चोरों ने बिलासपुर के चंदाखेड़ी निवासी चमन लाल की आरा मशीन से तीन मोटर, एक जनरेटर व अन्य सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद