संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर/छछरौली। सिरसा से सांसद एवं कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा शनिवार को नई अनाज मंडी छछरौली में कांग्रेस संदेश यात्रा को संबोधित करने पहुंचीं। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां राहुल गांधी नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने निकले हैं। वहीं दूसरी ओर भाजपा झूठ और नफरत की राजनीति कर रही है। यही कारण है कि 400 पार का नारा देने वाले अब कहीं दिखाई नहीं देते।
कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा में हमारी मजबूत सरकार बने और मेरे हाथ मजबूत हों तो वह रास्ता जगाधरी विधानसभा से होकर जाएगा। उन्होंने कहा कि यमुनानगर से शिक्षा मंत्री होने के बावजूद यहां के 22 स्कूलों को बंद कर दिया गया। जब सरकारी स्कूल ही बंद हो जाएंगे तो आमजन बच्चों को कैसे पढ़ाएंगे। यह दुर्भाग्य है कि हरियाणा बेरोजगारी में नंबर वन पर है। जब मैं केंद्र में मंत्री थी तो यहां के लोगों के लिए अल्पसंख्यक विभाग से 40 करोड़ रुपये लेकर आई थी।
जगाधरी में इतना पैसा दिया कि उसे आज तक भाजपा खर्च नहीं कर पाई। इस संदेश यात्रा का आयोजन पूर्व मंत्री एवं डिप्टी स्पीकर अकरम खान की तरफ से किया गया था। कांग्रेस संदेश यात्रा में सांसद इमरान मसूद, हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर, कालका विधायक प्रदीप चौधरी, असंध विधायक शमशेर, साढौरा विधायक रेनू बाला, पूर्व डिप्टी सीएम चंद्रमोहन समेत अन्य मौजूद रहे।