संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला पुलिस ने बुलेट से पटाखे बजाने वालों पर शिकंजा कसना शुरु कर दिया है। पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने बुलेट मोटरसाइकिल पर पटाखे बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले तथा आमजन को परेशान करने वाले बुलेट मोटरसाइकिल चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने बारे सभी प्रबंधक थाना को आदेश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिन मोटरसाइकिल चालकों के पास कागजात पूरे ना हो तो उनकी बाइक को जब्त किया जाये। वहीं दुकानदारों को भी मोटरसाइकिल के साइलेंसर चेंज न करने बारे में हिदायत दी गई। पुलिस अधीक्षक ने विशेषकर युवा वर्ग से अपील करते हुए कहा कि भविष्य में कोई भी बुलेट मोटरसाइकिल चालक बाइक पर पटाखे ना बजाए क्योंकि इससे ध्वनि प्रदूषण तो होता है साथ में पटाखे की तेज आवाज होने से भय के कारण बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में कोई भी बुलेट मोटरसाइकिल चालक मोटरसाइकिल पर पटाखे बजाएगा तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिला में बुलेट बाइक से पटाखे बजाने वालों की शिकायतें मिल रही थी। आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे बजाने वाले चालकों के चालान किये जाएंगे।
ट्रैफिक इंचार्ज रामपाल ने कहा कि ताऊ देवी लाल कांपलेक्स में बने कोचिंग सेंटर पर काफी विद्यार्थी कोचिंग लेने आते हैं और लगभग सभी विद्यार्थी बाइक, एक्टिवा व बुलेट का प्रयोग करते हैं काफी समय से शिकायतें मिल रही थी कि कोचिंग सेंटर से छुट्टी होने के बाद यहां पर बुलेट सवार पटाखे बताकर यहां को माहौल खराब कर रहे थे।