संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में वीरवार सुबह से ही शहर और ग्रामीण इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता इतनी कम थी कि कुछ दूरी पर मौजूद चीजें भी साफ नजर नहीं आ रही थीं। सड़कों पर चल रहे वाहन रेंगते दिखाई दिए तो वहीं सुबह की सैर पर निकलने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग इस सप्ताह बादल छाए रहने और धूप कम निकलने की संभावना जताई है।
कोहरे के साथ बढ़ी ठंड ने लोगों की ठिठुरन और बढ़ा दी है। कोहरे की वजह से पेड़-पौधों पर ओस की बूंदें जमी रहीं, जो हल्की हवा चलते ही टपकती रहीं। सुबह-सुबह घर से निकलने वाले लोग सिर से लेकर पैर तक गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। खासकर दफ्तर जाने वाले कर्मचारी, और मजदूर वर्ग को ज्यादा दिक्कत झेलनी पड़ी। ठंड के कारण लोग अलाव और हीटर का सहारा लेते दिखे, वहीं चाय की दुकानों पर भीड़ पहले से ज्यादा रही।
वीरवार को जिले का अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में आई गिरावट के चलते सर्दी का असर और तेज हो गया है। विभाग का कहना है कि आगामी पूरे सप्ताह बादल छाए रहने की संभावना है और धूप निकलने के आसार बेहद कम हैं। ऐसे में ठंड से फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। घने कोहरे का असर यातायात पर भी साफ नजर आया।
सुबह के समय हाईवे और मुख्य मार्गों पर वाहन धीमी गति से चलते रहे। कई जगह हल्की-फुल्की जाम की स्थिति भी बनी। ठंड और कोहरे का असर जनजीवन पर साफ दिख रहा है।
बुजुर्गों और बच्चों को खासतौर पर सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। कार्यवाहक सिविल सर्जन डॉ. सुशीला सैनी ने बताया कि इस मौसम में सर्दी, खांसी और वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए गर्म कपड़े पहनें और गर्म तरल पदार्थों का सेवन करें। बेवजह घर से बाहर न निकले। शरीर को गर्म कपड़ों से ढक कर रखें। जिले में वीरवार को पूरा दिन धूप नहीं निकली।
घना कोहरा छंटने के बाद बीच-बीच में आसमान में सूरज दिखाई दिए लेकिन बादलों के आगे वह बेअसर नजर आए। बादलों की वजह से धूप नहीं निकली। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। धूप नहीं निकलने से लोगों को ठंड और शीत लहर का सामना करना पड़ा। मौसम विशेषज्ञ अजीत कुमार के अनुसार इस सप्ताह ऐसे ही बादल छाए रहेंगे और धूप भी कम ही निकलेगी। ऐसे में घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।
जगाधरी रोड पर सुबह के समय कोहरे के बीच लाइट जलाकर गुजरते वाहन। संवाद