संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर से देवी मां के दर्शन करने गए दो परिवारों के घरों को चोरों ने निशाना बनाकर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। इनके अलावा तीन अन्य घरों को भी चोरों ने निशाना बनाकर लाखों का सामान चोरी कर लिया। पांचों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मॉडल टाउन के शाम नगर निवासी राकेश कुमार ने बताया कि वह घी की ट्रेडिंग का काम करता है। बुधवार को वह पूरे परिवार के साथ माता के दरबार में दर्शन करने गया था। रात को वह वापस आए और थके होने के कारण सो गए। सुबह जब उसकी नींद खुली तो उसने देखा कि कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। कमरे में रखे उसके दो मोबाइल, दरवाजे पर पीछे टंगी पेंट से करीब 62 हजार रुपये, जरूरी कागजात व दस्तावेज से भरा छोटा बैग और अन्य सामान गायब था।
उधर, मधु कॉलोनी निवासी मुकेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार को वह अपने परिवार के साथ जंगलावाली माता मंदिर में माथा टेकने गए थे। देर शाम जब वह वापस आए तो उनके घर के साथ वाले नए मकान में पानी की मोटर, बिजली के तार, लोहा काटने का कटर, 40 किलो सरिया, दीवार की फिटिंग, एसी पाइप व अन्य सामान चोरी था।
उधर, न्यू हमीदा कॉलोनी निवासी सुंदर ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आठ अप्रैल को वह अपने परिवार के साथ अंबाला गए थे। रात करीब साढ़े बजे जब वे वापस आए तो सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर घर में रखे दो पर्स से 12 हजार रुपये, बच्चों के गुल्लक व मंदिर के दानपात्र से चार हजार रुपये व अन्य सामान गायब था। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक घर में चोरी करते हुए दिखाई दिया।
उधर, विकास नगर कॉलोनी निवासी विंकल गुलाटी ने गांधी नगर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रोज की तरह रात को वह परिवार के साथ घर पर सोया था। सुबह आंख खुली तो घर में रखा मोबाइल, गद्दे के नीचे रखे 4500 रुपये व अन्य सामान चोरी था।
उधर, जगाधरी की वाल्मीकि बस्ती निवासी अजय कुमार ने बताया कि वह अशोक विहार कॉलोनी में नया मकान बना रहा है। सुबह जब वह निर्माणाधीन मकान में गया तो वहां से एसी के कॉपर के पाइप, बिजली के तार, दरवाजों पर लगे कुंडे, कब्जे व हैंडल, दो ड्रिल मशीन व अन्य सामान चोरी था।