यमुनानगर। चोरों ने रादौर में घर के ताले तोड़कर गहने व हजारों रुपये चोरी कर लिए। जबकि पुराना हमीदा से भी चोरों ने काफी सामान चोरी कर लिया। इतना ही नहीं अब चोर सरकारी संपत्ति को भी चुराने से गुरेज नहीं कर रहे। लघु सचिवालय परिसर में रखे जेनरेटर से चोरों ने बैटरी चोरी कर ली। पुलिस ने सभी मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना रादौर पुलिस को दी शिकायत में जिला कुरुक्षेत्र के शांति नगर (आलियास कुरड़ी) निवासी गुरजंत सिंह ने बताया कि वह चार माह से रादौर में सिंह सभा गुरुद्वारा वाली गली कुम्हार मोहल्ला में पत्नी व बच्चों के साथ रहता है। उसकी पत्नी प्राइवेट नौकरी करती है। वह दोनों सुबह अपने घर से ड्यूटी पर चले जाते हैं और शाम को छह बजे घर वापस आते हैं। 30 सितंबर को वह कमरों के दरवाजे बंद करके ताला लगाकर काम पर चले गए थे। देर शाम का वह वापस आए तो देखा कि कमरों के ताले टूटे हुए थे। कपड़े व सामान बिखरा था। जांच करने पर पता चला कि कमरे की अलमारी में रखी अटैची खुली थी। जिसमें से एक अंगूठी, मंगलसूत्र, चांदी की चेन, एक कड़ा व कुछ नए पुराने बर्तन तथा करीब 9500 रुपये वहां से चोरी हुए थे। आसपास के लोगों को भी चोरी के बारे में पता नहीं चला। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
वहीं, पुराना हमीदा चौकी पुलिस को दी शिकायत में पुराना हमीदा की वाल्मीकि बस्ती निवासी दिनेश कुमार ने कहा कि बस्ती में गोगामाड़ी के पास उसकी आटा चक्की व सामान का स्टोर है। रात को वह उसका ताला लगाकर घर चला गया था। सुबह वापस आया तो देखा कि वहां से ट्राली के दो डाले, ट्रालियों के फर्श की चादर, कूड़ा उठाने वाली रेहड़ियों के रिम, एंगल, कटर, ड्रिल मशीन, गैस कटर के पाइप व लोहे की पत्तियां चोरी थी। उन्होंने शक जताया कि चोरी नशा करने वाले युवकों ने की होगी। क्योंकि वह काफी दिनों से वहां चक्कर लगा रहे थे।
लघु सचिवालय परिसर से जेनरेटर की बैटरी चोरी
वहीं लघु सचिवालय परिसर में रखे जेनरेटर से चोरों ने बैटरी चोरी कर ली। थाना सेक्टर-17 पुलिस को दी शिकायत में पीडब्ल्यूडी कॉलोनी में रहने वाले सुरेंद्र सिंह ने बताया कि वह लघु सचिवालय में बतौर विद्युतकार तैनात है। लघु सचिवालय में पीछे की तरफ 125 केवी का जेनरेटर रखा हुआ है। 30 सितंबर को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली वीडियो कॉन्फ्रेंस के लिए वह डीआईओ के आदेशानुसार जेनरेटर में डीजल डालने व चलाने के लिए गया तो देखा कि जेनरेटर से बैटरी गायब है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।