यमुनानगर। चोरों ने तीन घरों में चोरी कर लाखों रुपये के गहने चोरी कर लिए। दो जगहों पर परिवार के सदस्यों ने चोरी करने वाले को पहचान लिया। पुलिस ने तीनों मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा चोरों ने दो जगहों से बाइक भी चोरी कर ली।
छत के रास्ते घर में घुसे चोर
थाना गांधीनगर पुलिस को दी शिकायत में हरबंसपुरा निवासी चरणजीत कौर ने बताया कि 29 जुलाई की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो गए थे। आधी रात को रमन नाम का लड़का छत के रास्ते से घर में घुस आया। जिसने उनके बेडरूम से सोने की तीन अंगूठियां, एक जोड़ी टॉप्स, सोने का एक कड़ा व पर्स से आठ हजार रुपये चोरी कर लिए। जब रमन उसका मोबाइल उठाने लगा तो वह किसी चीज से टकरा गया। अचानक आवाज होने से वह उठी तो रमन वहां से भाग गया। उसके साथ और भी लड़के होंगे। उसने चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
दवाई लेने गए थे, घर में हो गई चोरी
थाना प्रतापनगर पुलिस को दी शिकायत में गांव पुराना बांस निवासी सुल्ताना ने बताया कि 29 जुलाई की सुबह वह अपने घर में ताला लगाकर बच्चों को साथ लेकर दवा लेने के लिए सिविल अस्पताल प्रतापनगर गई थी। एक घंटे बाद वह घर पहुंची तो घर का ताला टूटा पड़ा था। कमरे में रखी पेटी खुली थी व सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर घर से चांदी की दो पाजेब, एक चांदी की चेन, एक चांदी का सिक्का, चार जोड़ी चुटकियां, दो सोने के कोके व 3500 रुपये चोरी थे। पड़ोस में लगे सीसीटीवी की जांच की तो पता चला कि दो लड़के घर की तरफ जा रहे हैं। जिनकी पहचान गांव मुजाफ्त कलां निवासी नसीम व सुल्तान के तौर पर हुई।
परदा हटा देखा तो अलमारी खुली मिली
रामपुरा चौकी पुलिस को दी शिकायत में आजाद नगर के विक्रम ने बताया कि रविवार को तड़के तीन बजे उसका भाई पवन उठा तो उसने देखा की साथ वाले कमरे का परदा हटा हुआ था। उसे शक हुआ तो उसने उसे भी उठा दिया। कमरे में गए तो वहां अलमारी खुली मिली। चोर अलमारी से उसकी बहन के सोने के दो सेट, मोबाइल व एक बक्सा साथ ले गए जिसमें जरूरी दस्तावेज थे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
दो जगहों से बाइक चोरी
उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के थाना चिलकाना के गांव चोर मंडी निवासी इसरार ने हमीदा चौकी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह धर्मकांटा लक्कड़ मंडी हमीदा में शुभम प्लाइवुड फैक्टरी में मजदूरी करता है। उसने बाइक को फैक्टरी के गेट के पास टिन के नीचे खड़ा किया था। दोपहर ढाई बजे वह बाहर आया तो वहां बाइक नहीं थी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, रामपुरा चौकी में दी शिकायत में हड़ौली गांव निवासी सुभाष बताया वह जरूरी कार्य से गुप्ता एंड मल्होत्रा चार्टेड अकाउंटेंट के पास लाल द्वारा गया था। उसने बाइक को गली में खड़ी कर दिया। एक घंटे बाद वह वापस आया तो वहां पर बाइक नहीं थी। काफी तलाश करने पर भी बाइक नहीं मिली तो चौकी में शिकायत दी।