संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। चोरों ने सूने घर व दुकान को निशाना बनाकर 55 हजार रुपये की नकदी तथा लाखों रुपये के सोने व चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
शिकायत में कृष्णा कॉलोनी निवासी राजीव मेहता ने बताया कि वह शनिवार को घर का ताला लगाकर परिवार के सदस्यों के साथ किसी काम से बाहर गया था। जब वह वापस लौटे तो घर का लगा ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर घर से अलमारी में रखे 40 हजार रुपये की नकदी, चार सोने की अंगूठियां, तीन मंगलसूत्र, दो सोने के कड़े व अन्य आभूषण गायब मिले। उसने बताया कि चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब तीन लाख रुपये हैं।
इसी तरह पुलिस को दी शिकायत में गांव लवाना निवासी सेवा पाल उर्फ अशोक कुमार ने बताया कि उसकी गांव में दुकान है। वह शनिवार को सुबह साढ़े 11 बजे दुकान का शटर डाउन करके किसी काम से गया था। कुछ देर बाद जब वह वापस आया तो उसे दुकान के गल्ले से पैसे गायब मिले। जांच करने पर गल्ले से 14 हजार 700 रुपये गायब थे। उसने जब अपने स्तर पर जांच की तो पता चला कि यह रुपये गांव के ही एक व्यक्ति ने चोरी किए हैं।