प्रतापनगर। कस्बा में चोरों ने कपड़े की दुकान में घुसकर 40 हजार की नकदी व सामान चोरी कर लिया। दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बागपत निवासी तैयब हुसैन ने बताया कि उसकी बिलासपुर रोड पर कपड़े की दुकान है। रोज की तरह शुक्रवार रात लगभग नौ बजे दुकान बंद करके अपने घर चला गया था। सुबह 10 बजे वह दुकान पर आया। उसने शटर खोलकर देखा तो अंदर दुकान का सारा सामान बिखरा पड़ा था। दुकानदार ने बताया कि उसने अपनी दुकान के ऊपर एक शौचालय बनवा रखा है। जिसका दरवाजा दुकान के अंदर जाता है। अज्ञात चोरों ने दुकान के ऊपर बनी मोंटी के रास्ते से ही दुकान में प्रवेश किया और दुकान में रखे लगभग 40 हजार रुपये और हजारों रुपये के कपड़ों पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। थाना प्रभारी पृथ्वी सिंह का कहना है कि मामले में अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर लिया है।