यमुनानगर। यदि आप ट्रेन में सफर कर रहे हैं तो संभल जाए। यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन से होकर गुजर रही ट्रेनों में चोर गिरोह सक्रिय है। जो सो रहे यात्री को निशाना बनाते हैं और उसके पास से पर्स, बैग, मोबाइल व अन्य सामान चोरी कर फुर्र हो जाते है। ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों से चोरी के ऐसे ही तीन मामले में सामने आए है। जिसमें चोरों ने किसी यात्री का हैंड बैग, किसी का पर्स तो किसी का मोबाइल चोरी कर लिया। तीनों मामलों में जीआरपी ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शालीमार एक्सप्रेस में जैसलमेर जा रहे यात्री का पर्स चुराया
हिमाचल प्रदेश के लाहौल जिले के कैलांग निवासी मोहित कुमार ने बताया कि मई माह में उसने राजस्थान के जैसलमेर जाना था। जैसलमेर जाने के लिए 13 मई की सुबह वह यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन पर पहुंचा। करीब सवा छह बजे शालीमार एक्सप्रेस स्टेशन पर पहुंची। वह ट्रेन में सवार हो गया। सहारनपुर पार करने के बाद जब उसने कुछ खाने के लिए अपना पर्स चेक किया तो उसकी जेब से पर्स गायब था। पर्स से आठ हजार रुपये, पैन कार्ड, एटीएम, डेबिट कार्ड, आधार कार्ड व एचडीएफसी बैंक की चेकबुक थी। पर्स चोरी होने का पता चलने पर उसने तब जीआरपी मेरठ थाने में इसकी शिकायत दर्ज की। मेरठ जीआरपी की जांच में पर्स चोरी की घटना यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन की निकली। जिसके बाद मेरठ जीआरपी ने मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कर केस को जीआरपी थाना जगाधरी ट्रांसफर किया। जीआरपी ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हावड़ा मेल में यात्री का हैंड बैग चोरी
पश्चिमी बंगाल के हुगली चिन्सुराह के विवेकानंदा पई निवासी संदीप दास ने बताया कि 16 मई को वह हावड़ा मेल ट्रेन में सवार होकर अमृतसर जा रहा था। 18 मई की सुबह करीब साढ़े तीन बजे जब ट्रेन यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन के नजदीक पहुंची तो किसी अज्ञात ने उसका हैंड बैग चोरी कर लिया। उसमें उसका मोबाइल, एटीएम कार्ड, दस हजार रुपये की नकदी व अन्य सामान था। अमृतसर स्टेशन पर पहुंचकर उसने इसकी शिकायत जीआरपी अमृतसर थाने में दी। अमृतसर जीआरपी ने मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कर जीआरपी जगाधरी को ट्रांसफर की। जीआरपी ने मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शालीमार एक्सप्रेस में जम्मू से दिल्ली जा रही युवती का मोबाइल चोरी
केरल के जिला पालक्काड़ के चेरुमकुलम निवासी अर्चना आर नायर ने बताया कि वह निजी काम से जम्मू गई थी। 31 मई को वह जम्मू से शालीमार एक्सप्रेस से दिल्ली जा रही थी। जब ट्रेन यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन पर रुकी तो अज्ञात ने उसका मोबाइल चोरी कर लिया। दिल्ली ट्रेन से उतरने के बाद उसने इसकी शिकायत जीआरपी दिल्ली को दी। जीआरपी ने मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कर यमुनानगर-जगाधरी जीआरपी को भेजा। अब जीआरपी जगाधरी ने मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीनों मामलों में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिए गए हैं। आरोपियों की तलाश की जा रही है। ट्रेन में यात्रा करते समय यात्री के सो जाने पर ऐसी चोरी की वारदातें हो जाती हैं। इस संबंध में जीआरपी समय-समय पर यात्रियों को जागरूक भी करती है कि ट्रेन में सोते समय अपने सामान का ध्यान जरूर रखें। अपने आसपास बैठने वाले यात्री पर भी नजर रखें ताकि वे इस तरह की चोरी की घटनाओं का शिकार न हो सके।
- नरेंद्र प्रसाद, एसएचओ, थाना जीआरपी।