संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। चोरों ने कैंप की वीना नगर कॉलोनी में बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। वहीं चोरों ने तीन अन्य जगह से भी हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने सभी मामले दर्ज कर लिए हैं।
लक्ष्मी नगर निवासी रविंद्र कुमार ने बताया कि उसका एक मकान नेशनल पब्लिक स्कूल के नजदीक वीना नगर में है। इस मकान में उनका समान रखा है। वह अपने इस मकान में चक्कर लगाते रहते हैं। वह 12 मई को मकान पर पहुंचा तो कमरे का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। घर से बिजली की चारमोटरें, 20 किलोग्राम लोहे का बट्टा, एक लोहे का घन, लोहे की ग्रिल व अन्य सामान गायब था।
वहीं थाना गांधी नगर पुलिस को दी शिकायत में कमल शर्मा ने बताया कि वह श्री सत्यनारायण मंदिर में पुजारी है। रात वह मंदिर बंद करके घर में सोने चला गया था। सुबह पांच बजे वह मंदिर में गया तो वहां रखा दानपात्र टूटा पड़ा था। जिसमें से करीब दो हजार रुपये गायब थे। मंदिर में लगे सीसीटीवी की जांच की तो उसमें चोपड़ा गार्डन का नकुल चोरी करता हुआ दिख रहा है। पुलस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
उधर, थाना जठलाना पुलिस को लालछप्पर गांव के आकाश ने बताया कि वह गांव का मौजूदा सरपंच हैं। 29 मार्च की रात गांव में बने आंगनबाड़ी केंद्र से चोरों ने एक गैस सिलिंडर व साथ में बने ट्यूबवेल कमरे के बाहर से मोनो ब्लाक मोटर चोरों ने चोरी कर ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
वहीं, रामपुरा पुलिस चौकी में रामपुरा कॉलोनी के कुंदन लाल ने बताया कि उसकी सपरा वेल्डिंग के नाम से शिवाजी मार्केट यमुनानगर में दुकान है। दोपहर में वह घर खाना खाने के लिए गया था। इसी दौरान किसी ने उसकी दुकान से वेल्डिंग सेट चोरी कर लिया। सारा समान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।