अमर उजाला ब्यूरो
ढांड। बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क पर मार्केट में सोमवार रात चोरों ने एक रेडीमेड गारमेंट की दुकान में चोरी कर लाखों रुपये के कीमती कपड़े चुरा लिए। पुलिस को दी शिकायत में दुकान के मालिक संदीप कुमार बरोट निवासी ने बताया कि सोमवार देर रात अपनी दुकान को बंद करके घर चले गए। सुबह पड़ोसियों ने उन्हें फोन पर दुकान का शटर खुला होने की सूचना दी। सुबह लगभग 7 बजे मौके पर आकर देखा कि दुकान का शटर टूटा हुआ था। दुकान के अंदर देखा तो सारा सामान गायब था।
चोरी की वारदात की सूचना तुरंत ढांड पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी। पुलिस ने मौके पर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम को भी बुलाया। ढांड थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि दुकान मालिक संदीप कुमार की शिकायत पर दुकान से लगभग 4 लाख रुपये के माल की चोरी का अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया की चोरी की वारदात स्थल से कुछ ही दूरी पर एक मोबाइल विक्रेता की दुकान से मिले सीसीटीवी की फुटेज में कुछ संदिग्ध महिला एवं पुरुष रात के समय नजर आए है। जिसकी बारीकी से जांच की जा रही है। उम्मीद है कि पुलिस चोरों को शीघ्र ही ढूंढ निकालेगी।
दुकान में चोरी की घटना के बाद से ही मार्केट के दुकानदारों में पुलिस के प्रति रोष बढ़ गया है। चोरी की घटना के विरोध में दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रोष प्रकट किया। दुकानदार प्रकाश, बलविंद्र, सुलतान, मुकेश, कुलदीप, आशु, रामफल, रमन, सतपाल, अजय, प्रवीण, प्रदीप, राजपाल का कहना है कि अगर रात के समय पुलिस गश्त करती रहे तो चोरों बे खौफ होकर चोरी की वारदात को अंजाम नहीं दे सकते।
ढांड थाना प्रभारी रमेश कुमार का कहना है कि मार्केट के दुकानदार रात के समय चौकीदार की व्यवस्था करें। ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। ढांड मार्केट के सभी दुकानदारों की पहले मीटिंग लेकर उनसे चौकीदार लगाने के लिए आग्रह किया था। अधिकतर मार्केट में तो दुकानदारों ने चौकीदार लगाया हुआ है। जहां नहीं है वह चौकीदार लगा लें। ताकि पुलिस को सहयोग मिलता रहे।