संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर और जिले में चेन स्नेचिंग की लगातार सामने आ रही वारदातों ने महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला जगाधरी की वीर नगर कॉलोनी का है, जहां बाइक सवार दो युवकों ने पड़ोसन के साथ मंदिर जा रही महिला के गले से करीब सोने की चेन झपट ली। पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वीर नगर निवासी नीलम ने हुडा सेक्टर-17 पुलिस थाने में दी शिकायत में बताया कि नौ सितंबर शाम करीब पांच बजे वह अपनी पड़ोसन के साथ कॉलोनी में ही मंदिर जा रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। एक युवक ने पीछे से उन्हें आंटी कहकर आवाज लगाई। जैसे ही उन्होंने पीछे मुड़कर देखा, आरोपी उनके गले से सोने की चेन झपटकर बाइक से फरार हो गए।
शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने बदमाशों का पीछा कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन दोनों आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। महिला ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। खासकर सुबह और शाम के समय अकेले निकलने वाली महिलाओं को बदमाश निशाना बना रहे हैं।
स्नेचिंग के मामलों को लेकर जिला पुलिस गंभीर है। लोगों से अपील की जा रही है कि वह अपने घरों के अंदर व बाहर सीसीटीवी जरूर लगवाएं ताकि अपराधियों को पकड़ने में मदद मिल सके। - कमलदीप गोयल, पुलिस अधीक्षक यमुनानगर।