रादौर(यमुनानगर)। ब्लॉक रादौर के गांव टोपरा कलां में ग्रामीण देवराज सैनी के घर के बाहर ब्लास्ट होने के मामले में थाना रादौर पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने डिब्ली से मिले विस्फोटक पदार्थ के नमूनों की जांच के लिए मधुबन एफएसएल लैब में भेजा है। वहां से रिपोर्ट आने के बाद पता चल सकेगा आखिर इतना बड़ा धमाका क्यों हुआ। उधर, धमाके में घायल देवराज सैनी का अंबाला आर्मी अस्पताल में इलाज चल रहा है। देवराज के बड़े बेटे रतन ने बताया कि उनके पिता का दायां हिस्सा पूरी तरह से झुलस गया जिससे हाथ फट गया है। इसी साइड की छाती पर 3 से 4 इंच के घाव बने हैं। अभी अस्पताल से छुट्टी भी नहीं मिलेगी।
इस तरह से हुआ था धमाका
गांव टोपराकलां निवासी देवराज सैनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव में खेती बाड़ी का काम करता है। उसके पास 2 लड़के व 3 लड़कियां है। उसका बड़ा लड़का राम रतन प्राइवेट बस में कंडक्टर है। जबकि छोटा लड़का रामेश्वर थलसेना में हवलदार के पद पर लगा हुआ है। 24 अप्रैल की सुबह लगभग 6 बजे जब वह घर के बाहर गली में निकला तो दरवाजे के बाहर उसके पैर के नीचे गोल आकार की करीब 4 इंज की प्लास्टिक की डिब्बी आ गई। उसने उसको उठाकर हाथ में लिया। जिसके एक साइड में लाल रंग की कैप के आकार की थी और दूसरी साइड में सुई के आकार की पिन लगी हुई थी। उसने चलते-चलते पिन को निकाल दिया तो कुछ सेकेंड बाद उसके दाहिने हाथ में पकड़ी हुई प्लास्टिक की डिब्बी धमाके के साथ फट गई। धमाके की आवाज सुनकर उसकी पत्नी निर्मला मौके पर पहुंची। उसकी पत्नी व पड़ोसियों ने उसे घायल अवस्था में एमएच अस्पताल अंबाला कैंट पहुंचाया। जहां उसका इलाज चल रहा है। यह प्लास्टिक की डिब्बी फटने से व धमाका होने से उसके साथ हादसा हुआ है। जिसने यह विस्फोटक पदार्थ वाली डिब्बी उसके घर के बाहर रखी है, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
उल्लेखनीय है कि गांव टोपरा कलां में सोमवार की सुबह लगभग 6 बजे एक घर के बाहर पड़ी लावारिस प्लास्टिक की डिब्बी में विस्फोट होने से जोरदार धमाका हुआ था। धमाका इतना जोरदार था कि गांव में इसकी गुंज दूर दूर तक सुनाई दी थी। जिससे गांव में चारों ओर अफरा तफरी मचने से दहशत फैल गई थी। धमाके में ग्रामीण देवराज सैनी (57) बुरी तरह से घायल हो गया था। जिससे इलाज के लिए एमएच अस्पताल अंबाला कैंट भर्ती करवाया गया था। मामले को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा, डीएसपी राजीव कुमार, एसडीएम अमित कुमार आदि ने घटनास्थल का दौरा कर मामले की जांच की थी।