संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। आगामी त्योहारी व शादियों के सीजन के मद्देनजर शहर की दुकानों पर सामान खरीदने पर छूट व उपहार जैसे ऑफर दिए जाने लगे हैं। इनका लाभ लेने शहर सहित गांवों से भी लोग खरीदारी करने पहुंच रहे हैं, पर छूट व उपहार के चक्कर में उन्हें ट्रैफिक जाम से भी दो-चार होना पड़ रहा है। इसकी एक वजह सरकारी स्तर पर शहर में वाहन पार्किंग सुविधा न होना है।
ग्राहकों व दुकानदारों के वाहन आधी सड़क तक बेतरतीब खड़े हो रहे हैं। ऐसे में वाहनों की आवाजाही के बचे संकरे रास्तों पर ट्रैफिक जाम हो रहा है। अभी यह हालात देख जनप्रतिनिधि व लोग आगे बड़े त्योहारों व शादियों के सीजन से स्थिति बदतर होने की आशंका जता रहे हैं। उनकी मांग है कि सड़कों पर पीली पट्टी लगाकर वाहन पार्किंग की हद तय की जाए।
निवर्तमान पार्षद रामआसरा भारद्वाज, विनोद मरवाह, निर्मल चौहान ने कहा कि शहर के किसी बाजार व मार्ग पर सरकारी स्तर पर वाहन पार्किंग नहीं है। नगर निगम ने सड़कों पर वाहन पार्किंग की हद तय करने को मार्किंग की थी, पर वह मिट चुकी है। ऐसे में आधी सड़क तक वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े हो रहे हैं। इससे वाहन चालकों के आने-जाने के रास्ते संकरे हो जाते हैं।
रेलवे स्टेशन रोड, जगाधरी वर्कशॉप रोड, शहीद भगत सिंह चौक, जीएनजी छोटी लाइन, मॉडल टाउन में जाम की समस्या ज्यादा है। इन सड़कों से निकलने में आमतौर पर पांच मिनट लगते हैं। जाम में 20 से 25 मिनट लग रहे हैं। अभी रक्षाबंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे पर्व व शादियों के लिए लोग खरीदारी करने आ रहे हैं, जिन्हें ट्रैफिक जाम झेलना पड़ रहा है।
पार्किंग कांप्लेक्स योजना अधर में
नगर निगम का नया भवन बनने के बाद जगाधरी व यमुनानगर में नगर निगम के पुराने कार्यालयों को वाहन पार्किंग कांप्लेक्स बनाने की योजना बनाई गई थी। गत छह वर्षों में नगर निगम का नया भवन नहीं बन पाया, जिससे पार्किंग कांप्लेक्स की योजना भी अधर में लटकी है।
सड़कों व बाजार में वाहन पार्किंग सही से हो, इस बारे में संबंधित अफसरों निर्देश देंगे। लोगों से भी अपील है कि सड़कों पर बेतरतीब ढंग से वाहन न खड़े करें। - आयुष सिन्हा, आयुक्त, नगर निगम।