प्रतापनगर। नेशनल हाईवे स्थित हथिनीकुंड बैराज से उत्तर प्रदेश जाने वाले रास्ते पर सूचना पट्ट और अवरोधक न होना हादसों का कारण बन रहा है। ताजेवाला फैजपुर और हथिनीकुंड के बीच से बैराज की तरफ जाने वाली सड़क पर चौराहा न होने के कारण भी लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राहगीर संदीप कुमार, सुनील कुमार, अजय कुमार, दाउद अली, जावेद अली, अंकित कुमार व अन्यों ने कहा कि ताजेवाला व हथिनी कुंड के बीच नेशनल हाईवे से यूपी जाने वाले रास्ते पर किसी प्रकार का सूचना पट्ट नहीं है। यहां कोई गति अवरोधक भी नहीं है। यहां कोई चौक भी नहीं है, जिससे तेज रफ्तार वाहनों की गति कम हो। यूपी जाने वाले राहगीर यहां आकर अचानक रुक जाते हैं और हादसा होता है। चूंकि यहां न तो कोई सूचना पट्ट है और न ही गति अवरोध है।
ऐसे में राहगीर हड़बड़ा के चलते है और हथिनीकुंड बैराज की तरफ वाहन मोड़ते हैं। वहीं, हाईवे होने की वजह से दूसरी तरफ से तेज रफ्तार वाहन चलाते हैं और हादसे हो जाते हैं। एक साल में यहां करीब एक दर्जन हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से यूपी जाने वाले रास्ते पर गति अवरोधक सूचना पट्ट व चौक बनाने की मांग की है। नेशनल हाईवे से उत्तर प्रदेश शाकुंभरी देवी बादशाही विभाग इत्यादि जगहों पर जाने के लिए नेशनल हाईवे से बैराज की तरफ मुड़ना पड़ता है।