यमुनानगर। गर्मी के सीजन में वीनानगर के घरों में पेयजल की सप्लाई नहीं हो रही है। ऐसे आरोप लगाकर कॉलोनी के लोगों ने गली में खड़े होकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। आरोप लगाया कि माहभर से पेयजल सप्लाई बाधित है, इस संबंध में संबंधित विभाग के कर्मियों को अवगत कराने पर भी पेयजल समस्या जस की तस है। मजबूरन कॉलोनी के लोग खुद के पैसे से टैंकर मंगवा कर काम चला रहे हैं।
नगर निगम के वार्ड-17 में कैंप के वीनानगर निवासी सुमित्रा, कौशल्या, सीमा, बाला, बबली, पिंकी, शकुंतला, आशु, मंजू, विशाल, सुंदरलाल, राजेंद्र कुमार, सोमनाथ, रवि, रामलाल, नरेश कुमार ने बताया कि कॉलोनी में माहभर से पेयजल को लेकर समस्या है। कॉलोनी के काफी संख्या में घर ऐसे हैं, जहां पेयजल सप्लाई नहीं हो रही। इस बारे में वार्ड पार्षद व पब्लिक हेल्थ के कर्मियों को अवगत भी कराया, तब भी पेयजल सप्लाई की दिक्कत दूर नहीं हुई। इस पर मजबूर होकर कॉलोनी के लोग खुद से पैसे जुटाकर टैंकर मंगवाकर काम चला रहे हैं, लेकिन गर्मी के मौसम में पीने व घरेलू कामों के लिए पानी की जरूरत अधिक है, एक टैंकर से हर घर को बहुत कम पानी मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि कॉलोनी के लोग हर तरह का टैक्स देते हैं, उसके बावजूद उन्हें पेयजल सुविधा नहीं मिल रही।
ट्यूबवेल की खराब मोटर कराई ठीक, अब नहीं रहेगी दिक्कत
वार्ड से पार्षद वीना शर्मा की मानें तो ट्यूबवेल की मोटर खराब होने से एक-दो दिन से पेयजल सप्लाई की दिक्कत है। इसे ठीक करवा दिया है। अब यहां लोगों को पेयजल दिक्कत नहीं रहेगी।