बस स्टैंड के सामने स्थित गुप्ता कम्युनिकेशन शॉप से चोरों ने लाखों रुपये के सामान पर उड़ा लिया। चोरी की वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और शिकायत लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रताप नगर पुलिस को दी शिकायत में गुप्ता कम्युनिकेशन के संचालक अमन गुप्ता ने बताया कि हर रोज की तरह बीती रात लगभग आठ बजे वह दुकान बंद करके घर चला गया था। सुबह अखबार डालने वाले का फोन आया कि उसकी दुकान के ताले खुले पड़े हैं और शटर भी ऊपर उठा हुआ है। जब वह दुकान पर आया तो दुकान का ताला और शटर टूटा हुआ देखा और उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। दुकान संचालक ने पुलिस की मौजूदगी में दुकान के अंदर जांच की तो पता चला कि दुकान से लाखों रुपये के महंगे मोबाइल चोर उठा कर फरार हो गए। वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर से जुटाए और पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रतापनगर बलराज सिंह ने बताया कि दुकानदार की शिकायत पर चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच में उसमें केवल एक ही शख्स चोरी करता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस जल्द ही चोर को पकड़ लेगी।