जिले में चोरों ने तीन घरों के ताले तोड़कर नकदी व लाखें रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। पुलिस ने तीनों मामलों की जांच के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
गांव गुलाबगढ़ निवासी राजीव कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात को वह अपने परिवार के साथ खाना खाने के बाद घर पर सो गया था। सुबह जब वह जागे तो उन्हें घर में सामान बिखरा मिला। अलमारी खुली पड़ी थी। जांच करने पर घर से सोने व चांदी के आभूषण गायब मिले। जांच के दौरान पड़ोसी के घर से भी आभूषण गायब मिले। उसने बताया कि चोरों ने उनके घर से करीब साढ़े चार लाख रुपये के आभूषण चोरी किए हैं। उसने चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
उधर, मायापुरी कालोनी तेजली निवासी मोहम्मद साहिल ने बताया कि चोरों ने रात को उनके घर में घुसकर 14 हजार रुपये व दो नेकलेस तथा एक सोने की अंगूठी चोरी कर ली। चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब एक लाख रुपये है। उसने चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
वहीं, विष्णु नगर तारापुरी कालोनी निवासी गगनदीप सिंह ने बताया कि चोरों ने उनके घर में घुसकर 40 हजार रुपये व तीन तोले सोने के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब सवा एक लाख रुपये है। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।