छछरौली के बिजली पावर हाउस के नजदीक डेरे पर आधी रात छह चोर घर में घुसकर 32 हजार रुपये की नकदी व सोने चांदी के गहने चोरी कर ले गए। आंख खुलने पर जब दंपती जागा तो आरोपी मुंह पर कपड़ा बांधकर मौके से फरार हो गए। दंपती ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने छह अज्ञात युवकों पर केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
करनाल के उमरपुर निवासी मीना देवी ने बताया कि वह बिजली पावर हाउस छछरौली के नजदीक नरेश कुमार के डेरा पर रहती है। उसके साथ उसका पति सतबीर व बहन रानी पशुओं व खेतों की देखभाल करते है। बीती रात करीब एक बजे पांच छह युवक मुंह पर कपड़ा बांधे हुए डेरे के पीछे से आए। चोर आते ही घर के अंदर घुस गए और वहां रखी संदूक व पेटी का ताला तोड़कर उसके अंदर से 32,000 रुपये, कानों की सोने की बालियां, एक नथली सोने की, चांदी की चैन, चुकटियां व अन्य सामान चोरी कर लिया। आवाज सुनकर जब उसकी व उसके पति की आंख खुली तो उन्होंने देखा कि आरोपी युवक मुंह पर कपड़ा बांध हुए चोरी कर रहे थे। दो युवक लंबे लंबे थे, एक मोटा सा आदमी था। आंख खुलने पर जैसे ही उन्होंने आवाज दी तो आरोपी चोरी की नकदी व गहने लेकर वहां से फरार हो गए। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मौके का मुआयना किया। जांच के बाद पुलिस ने मामले में अज्ञात छह युवकों पर घर में घुसकर चोरी करने का केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
किशनपुरा माजरा निवासी विनोद कुमार ने बताया कि रविवार शाम को वह अपनी बहन के घर गांव कासंली में माता के जागरण में गया था। परिवार के अन्य सदस्य भी उसके साथ जागरण में थे। सुबह करीब नौ बजे जब वह घर पहुंचा तो उसने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी खुली थी। जांच करने पर घर से एक इनवर्टर, चांदी की चार चैने, एक चांदी का सिक्का, दो सोने के टोप्स, दो सोने की बालियां, एक सोने की अंगूठी व चार हजार रुपये की नकदी गायब थी। उसने चोरी के बारे में अपने आस पड़ोस के लोगों से बातचीत की, लेकिन किसी ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं होने की बात कहीं। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। उधर, जयरामपुर निवासी शाहिदा ने बताया कि चोरों ने उनके घर में घुसकर पेटी का ताला तोड़कर 20 हजार रुपये की नकदी व गहने चोरी कर लिए। बुड़िया पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात पर केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
चांदपुर निवासी सुनीत कुमार ने गांधी नगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह प्राईवेट नौकरी करता है। बीती सात अगस्त को उसके ससुर कस्तुरी लाल का निधन हो गया था। उसी दिन वह वह अपनी पत्नी व बच्चों के साथ अपनी ससुराल कल्याण नगर जगाधरी में चला गया था। बीच बीच में वह अपने घर पर चक्कर लगाता रहता था। बीती 29 अगस्त को वह घर आया था। तब सब ठीक था। इसके बाद वह सोमवार शाम को जब घर आया तो उसने देखा कि उसके घर के दरवाजे की कुंडियां व कमरे में रखी अलमारी के लॉक टूटे हुए थे। अंदर सामान बिखरा पड़ा हुआ था। रसोई के दरवाजे का कुंडा भी टूटा हुआ था। जांच करने पर रसोई से गैस सिलेंडर, अलमारी से 40 हजार रुपये की नकदी व अन्य सामान गायब था। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
जगाधरी के पटरी मोहल्ला निवासी कस्तूरी लाल ने बताया कि उनकी ग्रीन विहार कॉलोनी में फैक्टरी है। बीती 26 अगस्त की रात को चोरों ने उनकी फैक्टरी का ताला तोड़कर वहां से लगभग नौ क्विंटल लोहे की पत्तियां चोरी कर ली। जिनकी कीमत 90 हजार रुपये थी। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में अज्ञात पर केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।