ग्रीन पार्क कॉलोनी में चोरों द्वारा तोड़ी गई खिड़की की ग्रिल को देखता पुलिस कर्मी
- फोटो : Yamuna Nagar
शहर की ग्रीन पार्क कॉलोनी फेस टू में चोरों ने दिन दहाड़े सूने घर को निशाना बनाकर 50 हजार रुपये की नकदी व अन्य सामान चोरी की ले गए। चोरी के समय घर का मालिक स्कूल में गया हुआ था, जबकि उसकी पत्नी भी काम से बाजार गई थी। चोर खिड़की की ग्रिल तोड़कर घर में घुसे और चोरी को अंजाम दिया। दोपहर को जब परिजन घर पहुंचे तो चोरी का पता चला। सूचना मिलने पर शहर पुलिस व सीन ऑफ क्राइम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जरूरी सबूत जुटाए। पुलिस ने जांच के बाद अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
ग्रीन पार्क कॉलोनी फेस टू निवासी अरुण आहूजा ने बताया कि वह संत निश्चल सिंह स्कूल में नौकरी करता है। रोज की तरह सुबह वह स्कूल में अपनी ड्यूटी पर गया था। उनकी पत्नी भी काम पर गई हुई थी। इस दौरान बच्चे स्कूल गए थे और घर पर कोई नहीं था। घर की सफाई करने वाली महिला ने सफाई कर घर की चाबी 11 बजे पड़ोसियों को दे दी। आहूजा ने बताया कि जब वह डेढ़ बजे दोपहर का भोजन करने के लिए घर आया तो मेन गेट पर ताला लगा हुआ था जबकि अंदर की खिड़की की ग्रिल टूटी हुई थी। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और दीवान बेड खुले पड़े हुए थे। घर में बने मंदिर का दानपात्र भी टूटा हुआ था। जिसके अंदर से भी नकदी गायब थी। जब उन्होंने जांच की गई तो पता चला कि चोर मंदिर में रखी 30 हजार रुपये की राशि समेत 50 हजार रुपये व अन्य सामान चुरा कर ले गए। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। माना जा रहा है कि चोर दीवार फांद कर अंदर घर में घुसे थे। इसके बाद खिड़की की ग्रिल तोड़ कर कमरे में प्रवेश किया और इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का मानना है कि चोरी की वारदात में तीन से चार लोग शामिल हुए होंगे। पुलिस ने मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी के आरोप में केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।