गहने, नकदी और सामान साफ कर ले गए चोर
पुलिस ने सभी मामलों में किए केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। चोरों ने दो घरों समेत पांच स्थानों से लाखों के गहने, नकदी और सामान चोरी कर लिया। फर्कपुर थाना क्षेत्र के खेड़ा रांगडान की आनंद लोक कॉलोनी निवासी हरजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रेलवे वर्कशॉप में नौकरी करता है।
चार फरवरी को वह अपनी पत्नी के साथ पंजाब रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में गया था। वहां जाने से पहले उसकी पत्नी ने अपने सोने चांदी के गहने थैले में डालकर बेड के अंदर कपड़ों में छिपाकर रख दिए थे और घर की चाबी रखवाली के लिए पड़ोसी जयचंद को दे दी थी।
दो दिन बाद पंजाब से वह रात को अपने घर आए तो उनके घर पर जयचंद के दो साले राकेश कुमार और कैश लाल और भतीजा घर की रखवाली के लिए सोए हुए थे। उनके घर आने के बाद ये लोग ऊपर कमरे में जाकर सो गए। सुबह होने पर वे जयचंद के घर चले गए। 17 फरवरी को उसकी पत्नी ने बेड खोलकर जब अपने गहने चेक किए तो वहां से गहने गायब थे।
इसमें सोने का एक किट्टी सेट, एक सोने का सेट, मर्दाना सोने की अंगूठी, महिलाओं की दो सोने की अंगूठियां, चार सोने की बालियां व अन्य गहने थे। आरोप है कि यह गहने जयचंद, उसके साले राकेश व कैश लाल और भतीजे ने चोरी किए है। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। फर्कपुर थाना पुलिस ने मामले में चारों आरोपियों पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
उधर, सेक्टर 15 निवासी सुशीला देवी ने सेक्टर 17 थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बहराइज के छेदी बिशुनपुर गांव की रहने वाली है। यहां वह अपने पति अनोखी लाल के साथ कपड़े प्रेस करने का काम करती है। रोज की तरह सुबह 10 बजे वह और उसके पति घर को ताला लगाकर काम पर चले गए थे।
दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जब वे वापस आए तो घर का ताला टूटा हुआ था। डबल बेड की दराज से 20 हजार रुपये की नकदी, रसोई से गैस सिलिंडर, साइकिल व अन्य सामान गायब था। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। उधर, बिलासपुर के छछरौली रोड स्थित दुकान के बाहर लगा एसी कंप्रेसर चोरी हो गया। दुकानदार कोटड़ा खास निवासी मोहित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। वहीं, छप्पर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में खेत से हेरो के चैनल चोरी हो गए। पुलिस ने किसान समय सिंह की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
उधर, साढौरा के पहाड़ीपुर गांव में खेत में लगे ट्यूबवेल की ड्राइवरी चोर चोरी करके ले गए। किसान पहाड़ीपुर निवासी हरजीत सिंह की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।