संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। आनंद मार्केट स्थित स्टैंडर्ड ज्वैलर्स की दुकान में सेंध लगाकर चोरों ने दो दिन में दो बार चोरी को अंजाम दिया। पहली बार में चोर इनवर्टर बैट्रा व बैटरी चोरी कर ले गए। दूसरी बार में चांदी के गहनों समेत करीब 80 हजार का सामान चुरा ले गए। शहर पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।
आनंद मार्केट स्थित स्टैंडर्ड ज्वैलर्स में सेंध लगाकर चोरों ने चांदी के गहने व अन्य सामान चोरी कर लिया। सुनार विजय ने बताया कि 27 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे उसने अपनी दुकान खोली तो अंदर पानी बिखरा हुआ था। पिछली दीवार में लगभग डेढ़ फीट का सुराख था। अंदर से इनवर्टर का बैट्रा व एक छोटी बैटरी चोरी थी। तब उन्होंने पुलिस को शिकायत नहीं दी और दीवार में हुए सुराख को प्लाई लगाकर बंद कर दिया था।
सोमवार दोपहर बाद जब वह दुकान पर आया तो उसने देखा कि दीवार की उसी जगह से प्लाई टूटी हुई थी, जहां सुराख था। दुकान में सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर दुकान से रिपेयर के लिए आई 700 ग्राम चांदी के गहने, आर्टिफिशियल ज्वेलरी व अन्य सामान गायब था। चोरी हुए सामान की कीमत करीब 80 हजार रुपये थी। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। शहर पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।