संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। कस्बा में अग्रसेन चौक के पास चोरी कर रहे दो चोर वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गए। दोनों आरोपी कस्बा की डेहा बस्ती के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं चोरों ने एक अन्य जगह से भैंस व ट्यूबवेल से सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना बिलासपुर में दी शिकायत में चंदाखेड़ी गांव के संदीप व कपूरी कलां गांव के हरदेव सिंह ने बताया कि उनकी कस्बा में अग्रसेन चौक के पास भारद्धाज कांप्लेक्स में प्रथम तल पर दुकानें हैं। शनिवार सुबह वह दुकान पर आए तो देखा कि संदीप कुमार की दुकान के ऊपर लगी एसी की तांबे की पाइप कटी हुई थी। इसी तरह हरदेव सिंह ने अपने कंप्यूटर सेंटर पर लगे सोलर पैनल की केबल तार कटी पाई।
जब उन्होंने वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो सुबह करीब छह बजे दो व्यक्ति चोरी करते हुए दिखाई दिए। इसकी जानकारी उन्होंने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके का मुआयना करते हुए जांच की। आरोपियों की पहचान बिलासपुर की डेहा बस्ती निवासी अमन उर्फ चिना व विक्की उर्फ काका के रूप में हुई। आरोपियों से चोरी का सामान बरामद किया गया। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर, न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
वहीं थाना बिलासपुर पुलिस को दी शिकायत में भमनौली गांव के बाबू खान ने बताया कि चार अप्रैल की रात उसकी भैंस पशु बाड़े में बांधी थी। अगले दिन वह सुबह पांच बजे वहां गया तो देखा कि वहां पर भैंस नहीं थी। गेट का ताला टूटा हुआ था। भैंस की आसपास काफी तलाश की लेकिन उसके बारे में कुछ पता नहीं चला। उधर, थाना छप्पर में दी शिकायत में ऊंचा चांदना की सरपंच परमिता ने बताया कि गांव की पंचायत में शामलात भूमि पर लगे ट्यूबवेल से चोरों ने स्टार्टर, ग्रीप व तार चोरी कर लिया।