शुक्रवार की रात को चोरों ने एसके रोड पर बुबका चौक के पास गुप्ता हार्डवेयर स्टोर को अपना निशाना बनाते हुए हजारों रुपये का सामान व नकदी चुरा ली। चोरों ने दुकान की मोंटी की दीवार में सेंध लगाकर मंहगे सामान पर हाथ साफ किया। सूचना मिलने पर रादौर पुलिस मौके पर पहुंची और चोरी के मामले की जांच की।
पिछले 15 दिनों में इस चोर गिरोह की एसके रोड पर यह चोरी की तीसरी घटना है, जिसमें चोरों ने दुकान की दीवार तोड़कर चोरी की। गुप्ता हार्डवेयर स्टोर के मालिक कुलदीप कुमार गुुप्ता ने बताया कि चोरों ने उसकी दुकान के ऊपर बनी मोंटी की दीवार को तोड़कर दुकान से लगभग 42 हजार रुपये के पीतल के नल व अन्य पीतल का सामान चुरा लिया।
वहीं गल्ले से 5400 रुपये भी चुरा ले गए। प्रभावित दुकानदार ने बताया कि 5 मार्च 2014 को भी इसी दिन उसकी दुकान में लगभग 80 हजार रुपये के सामान की चोरी हुई थी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले चोरों ने बुबका चौक के पास एक किराने की दुकान करने वाले दुकानदार के गोदाम के ताले तोड़कर चोरी की थी। वहीं लगभग आठ दिन पहले भी चोरों ने एसके रोड पर पूर्व सरपंच रादौर सुरेंद्र कृष्ण मेहता की दुकानों की दीवार में सेंध लगाकर चोरी की थी। इसके अलावा चोरों ने दो दिन पहले खेड़ा मोहल्ला से अमित कश्यप की रेहड़ी व राममूर्ति प्रजापति के ट्रैक्टर की बैटरी चुरा ले गए थे। कस्बे में दुकानों की दीवारें तोड़कर हो रही चोरियों से दुकानदार चिंतित हैं।