यमुनानगर। कैंप क्षेत्र में एक युवक सिर पर हेलमेट पहनकर एटीएम कक्ष में घुस गया। वहां खड़ी करनाल के तरावड़ी निवासी चंद्रकांता को रुपये निकालने में मदद करने की बात कहकर उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। इसके बाद मात्र 10 मिनट में आरोपी ने दूसरे एटीएम में जाकर उसके खाते से 25 हजार रुपये निकाल लिए। 25 हजार रुपये की लिमिट होने के कारण आरोपी ज्यादा रुपये नहीं निकाल सका। इसलिए बाकी के रुपये बच गए। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
गांधीनगर थाना पुलिस को दी शिकायत में कैंप निवासी चंद्रकांता ने बताया कि उसकी शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले करनाल के तरावड़ी में हुई थी। इस समय वह मायके आई हुई थी। उसे बाजार से कुछ सामान खरीदना था इसलिए मां को साथ लेकर पास में ही पीएनबी के एटीएम बूथ से रुपये निकालने चली गई। परंतु एटीएम से रुपये नहीं निकल रहे थे तभी एक युवक वहां पर आ गया। उसने सिर पर हेलमेट पहना हुआ था। युवक उन्हें कहने लगा कि वह रुपये निकालने में उनकी मदद कर देता है। युवक ने एटीएम कार्ड को मशीन में डालकर उन्हें पिन नंबर डालने को कहा। तभी आरोपी ने उनका पिन नंबर देख लिया। इसके बाद उनका कार्ड अपने हाथ में लिया और दूसरा कार्ड देकर वहां से चला गया। तब तक उन्हें नहीं पता था कि आरोपी ने उनका कार्ड बदल दिया है। वह कार्ड लेकर बैंक में गई। वहां पर कर्मचारी ने बताया कि यह कार्ड उनका नहीं है।
यह कार्ड हिमाचल प्रदेश के धर्मपाल के नाम पर बैंक ने जारी कर रखा है। कर्मचारी ने खाता चैक किया तो उसने बताया कि इस खाते से तो 25 हजार रुपये अभी निकले हैं। यह सुनते ही वह हैरान रह गई। रुपये कुछ दूरी पर स्थित दूसरे बैंक के एटीएम से निकाले गए थे। इसकी शिकायत उसने थाने में दी। मामले की जांच कर रहे एसआई सतीश कुमार का कहना है कि अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।