संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सहारनपुर-पंचकूला नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात हुए हादसे में मरने वाले दोनों युवक गांव अकालगढ़ रहने वाले सुरेश कुमार व जगमाल थे। दोनों युवक सजगाधरी से काम निपटाकर रात को साइकिल पर लौट रहे थे। दोनों युवकों को तेज रफ्तार ट्रक ने केएफसी से आगे पुलिया के पास पीछे से टक्कर मारते हुए कुचल दिया था। थाना छप्पर पुलिस ने मृतक सुरेश के भाई पवन की शिकायत पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता पवन कुमार ने पुलिस को बताया कि वह गाबा अस्पताल यमुनानगर में सिक्योरिटी गार्ड है। रात को वह अपने साथी अमित के साथ मोटरसाइकिल पर यमुनानगर से अकालगढ़ जा रहा था। उनसे कुछ दूरी आगे उसका भाई सुरेश और गांव का ही जगमाल अपनी-अपनी साइकिलों पर घर लौट रहे थे।
पुलिया के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने लापरवाही से चलाते हुए उनकी साइकिलों में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों साइकिल सहित ट्रक के नीचे आ गए। चालक ने ट्रक रोकने की बजाय उनके ऊपर से ट्रक चढ़ा दिया, जिससे दोनों के सिर टायरों के नीचे कुचल गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पवन और अमित ने पुलिस की मदद से ट्रक के नीचे से शवों को बाहर निकाला।युवकों की बात के बाद दो घरों की खुशियां मातम में बदल गईं। हादसे की खबर पहुंची तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।